समाचार · मध्य प्रदेश
भिंड में पिकअप से 1250 किलो संदिग्ध मावा जब्त:कीमत ₹3.12 लाख, मेहगांव में कार्रवाई; मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी
भिंड के मेहगांव में फूड सेफ्टी विभाग ने पिकअप वाहन से 1,250 किलो मावा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 3.12 लाख रुपए बताई गई है। दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच प्रशासन खाद्य सामग्री की जांच कर रहा है। हालांकि, जब्त मावे में मिलावट है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। दूध और मावे के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेहगांव एसडीएम और फूड सेफ्टी विभाग ने वाहनों की जांच की। इस दौरान मावा ले जा रहे एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 1,250 किलो मावा मिलने पर अधिकारियों ने उसे जब्त कर लिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई प्रशासन जब्त मावे के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई करेगा। हालांकि, मावे की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नकली दूध, मावा या अन्य मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम या खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।