Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

अवैध पटाखों पर करनाल पुलिस की सख्ती:बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री पर रोक, एसपी बोले-मकानों और बेसमेंट में पटाखे रखे तो होगी कार्रवाई

INT News26 October 2026 at 05:38 pm

त्योहारों को देखते हुए करनाल पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पटाखों का गलत तरीके से भंडारण आगजनी और बड़े हादसों का कारण बन सकता है। इससे जान-माल का नुकसान होने का खतरा रहता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पटाखों का भंडारण, बिक्री वैध लाइसेंस और संबंधित अधिकारियों की अनुमति के तहत ही की जा सकती है। बिना अनुमति पटाखे जमा करने या बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ऐसे मामलों पर निगरानी रख रही है। मकानों और बेसमेंट में न रखें पटाखे पुलिस ने दुकानदारों और पटाखा कारोबारियों से कहा है कि रिहायशी मकानों, दुकानों, गोदामों, बेसमेंट और असुरक्षित स्थानों पर नियमों के विरुद्ध पटाखे न रखें। पटाखों को आग, बिजली के खुले तारों, गैस सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखना जरूरी है। भंडारण वाली जगह पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन करना भी जरूरी है। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को बताएं करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री होती दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर जानकारी मिलने से किसी संभावित हादसे को रोकने के लिए कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों को किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की सलाह दी है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो। सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील एसपी करन गोयल ने आमजन और पटाखा विक्रेताओं से दीपावली शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण के दौरान नियमों का पालन करें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। करनाल पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना देकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।