Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सिंहस्थ-2028 का काम धीमा, ठेकेदार पर ₹5 लाख का जुर्माना:महापौर ने रात में काम करने के निर्देश दिए; महाकाल चौराहे तक 11 करोड़ में चौड़ी होगी सड़क

INT News26 October 2026 at 05:40 pm

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के कामों में तेजी लाने के लिए नगर निगम सक्रिय है। सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल ने गोपाल मंदिर स्थित निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। काम की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ठेकेदार पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। वहीं, नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहे तक 11 करोड़ रुपए की लागत से 400 मीटर लंबे मार्ग को 24 मीटर चौड़ा करने का काम भी जारी है। रात में भी काम कराने के निर्देश गोपाल मंदिर स्थित पुराने नगर निगम कार्यालय की जगह सर्वसुविधायुक्त कॉम्प्लेक्स और बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को लेबर और संसाधन बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यस्ततम मार्ग होने के कारण निर्माण सामग्री रात में लाई जाए और रात में भी काम कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके। फिलहाल बेसमेंट में वाहन उतारने के लिए रैंप की शटरिंग और लोअर बेसमेंट का काम चल रहा है। बेसमेंट का काम पूरा होने के बाद ग्राउंड फ्लोर का निर्माण शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा और सब इंजीनियर आकाश रघुवंशी मौजूद रहे। नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहे तक चौड़ीकरण सिंहस्थ की तैयारियों के तहत नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहे तक करीब 400 मीटर लंबे मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। राज्य शासन और सिंहस्थ मद से करीब 11 करोड़ रुपए की लागत से यह काम हो रहा है। प्रस्तावित चौड़ीकरण से कुल 127 भवन प्रभावित हुए हैं। फिलहाल तोड़फोड़ का काम लगभग पूरा होने की ओर है। इसके बाद नाली निर्माण शुरू किया जाएगा। नगर निगम द्वारा तोड़फोड़ के बाद मलबा हटाने और सफाई का काम भी कराया जा रहा है, ताकि रहवासियों को परेशानी न हो।