समाचार · मध्य प्रदेश
1.30 करोड़ का किसान सेवा भवन जर्जर, खिड़की-दरवाजे चोरी:अनूपपुर; 8 साल से अधूरा, मंडी बोर्ड के निरीक्षण के बाद भी व्यवस्थाएं बदहाल
अनूपपुर जिला मुख्यालय के पास मेडियारास मोड़ पर 1.30 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा किसान सेवा भवन खराब हालत में है। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण यह भवन अधूरा है और इसके खिड़की-दरवाजे समेत कई चीजें चोरी हो गई हैं। इस भवन का निर्माण 2016 में शुरू हुआ था। रीवा की शिव फर्म को इसका ठेका दिया गया था, लेकिन ठेकेदार ने काम रोक दिया। 8 साल बाद भी यह पूरा नहीं हो पाया, जबकि मंडी बोर्ड ने कई बार इसकी जांच की है। बैठने और पानी की सुविधा तक नहीं नवंबर के आखिर से धान की खरीदी शुरू होगी। 20 हजार किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें अनूपपुर के 6 हजार से ज्यादा किसान हैं। उन्हें मंडी परिसर में बैठने, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। किसानों ने बताई समस्याएं किसान रामभुवन पटेल का कहना है कि अगर यह किसान सेवा भवन बन जाता तो स्थानीय किसानों को बहुत राहत मिलती। किसान आसानी से अपनी फसलों को केंद्र तक ले जाते, वर्तमान में उन्हें अपनी फसलों को बेचने और उपार्जन केंद्र तक जाना पड़ता है। किसान विनोद शर्मा ने बताया कि इतनी बड़ी परियोजना में अधिकारियों की अनदेखी ने इस बदहाली के कगार पर पहुंचा दिया है। अगर पूर्व में जब ठेकेदार ने काम छोड़ा था तब ही पुनः टेंडर कर काम कराया जाता तो आज किसानों को इसका लाभ मिल रहा होता। जल्द होगा निर्माण कार्य अनूपपुर कृषि उपज मंडी बोर्ड के सचिव रामनाथ बैगा ने बताया कि जल्द ही भवन का काम शुरू कराया जाएगा।