Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:जिम पर फायरिंग; घर के बाहर 2 लोगों की गोली मारकर हत्या; कारोबारी ने दिवाली गिफ्ट में कारें बांटी

INT News26 October 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर झोटा हत्याकांड से जुड़ी है। CM भगवंत मान ने कहा है कि सरकार ने एंडी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के परिवार की सभी जायज मांगें मान ली हैं। अब परिजन को अंतिम संस्कार का फैसला लेना है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. CM बोले- झोटा के परिजन की सभी जायज मांगें मानीं मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में परिवार और एक्शन कमेटी का 14वें दिन भी धरना जारी है। वे CM और DGP के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। इस बीच CM भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने परिवार और कमेटी की सभी जायज मांगें मान ली हैं। अब परिवार या कमेटी को तय करना है कि अंतिम संस्कार कब किया जाए। उधर, मामले की जांच कर रही CBI टीम की छापेमारी जारी है। आज सुबह CBI ने मानसा के वीर नगर मोहल्ले में 2 मेडिकल स्टोरों के गोदामों में रेड की है। इसी बीच पंजाब के सभी होलसेलर और रिटेलर केमिस्टों ने 3 तरह की दवाओं की बिक्री बंद करने का ऐलान किया है। इनमें ट्रामाडोल, प्रेगाबालिन और सभी तरह की साइकोट्रोपिक व नारकोटिक दवाएं शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 2. घर के बाहर बैठे 2 लोगों की गोली मारकर हत्या मोगा में घर के बाहर बैठे 4 लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबिक 2 घायल हो गए। हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए थे। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे DGP गौरव यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बात की। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. बाइक सवारों ने की जिम पर 3 राउंड फायरिंग अमृतसर में सोमवार तड़के जेडी जिम पर गोलियां चलीं। बाइक पर आए 2 बदमाशों ने 3 राउंड फायर किए। गोली शीशे के आर-पार हो गई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसी दौरान पास के गुरुद्वारे में सुबह का पाठ चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से गोलियों के 3 खोल बरामद किए हैं। फायरिंग करने वालों की पहचान के लिए पुलिस जिम के आसपास और नजदीकी इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. केसी वेणुगोपाल बोले- पंजाब बदलाव चाहता है कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल आज चंडीगढ़ में रहे। यहां पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठकें कीं। वेणुगोपाल ने कहा कि वह चुनाव और संगठन के सिलसिले में आए। उन्होंने कहा कि पंजाब एक बदलाव की ओर देख रहा है। यहां लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ चुका है। ड्रग माफिया पैर पसार चुका है। हमें इन तमाम सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद पंजाब को फिर से जीतना और इन बुरी ताकतों से पंजाब को बचाना है। वह रविवार देर शाम को यहां पहुंचे थे। वेणुगोपाल के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए बड़ी संख्या में समर्थन जुटाना है। रैली में पंजाब के नेताओं को कम से कम 50 हजार लोग लाने का टारगेट दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. कार के बोनट पर युवक को घसीटा लुधियाना के हरगोबिंद नगर में क्रेटा कार और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले। भीड़ से बचने के लिए कार ड्राइनव ने गाड़ी भगाई तो एक व्यक्ति उसके बोनट पर लटक गया। ड्राइवर उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि भीड़ कार पर टूट पड़ी। इस तोड़फोड़ के समय कार में परिवार मौजूद था। (पढ़ें पूरी खबर) 6. सड़क पर मिली व्यक्ति की लाश, बाजू में इंजेक्शन लगा था बठिंडा में रविवार रात को परसराम नगर की गली नंबर 29 में एक 32 वर्षीय व्यक्ति का शव सड़क पर लावारिस अवस्था में मिला। युवक की बाजू में इंजेक्शन लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत चिट्टे के ओवरडोज के कारण हुई। मृतक की पहचान रमेश कुमार (32) के रूप में हुई है। वह परसराम नगर का रहने वाला था। रमेश शादीशुदा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना ने शहर में नशे की समस्या और पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 7. फार्मा कारोबारी ने दिवाली गिफ्ट में कारें बांटीं चंडीगढ़ में दिवाली पर कर्मचारियों को कार गिफ्ट करने के लिए हर साल चर्चा में रहने वाले फार्मा कारोबारी एमके भाटिया इस बार नई पहल करने जा रहे हैं। उनकी ओर से कार पाने का मौका अब केवल बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गार्ड से लेकर अधिकारियों तक को लकी ड्रॉ के जरिए कार जीतने का अवसर मिलेगा। इसके लिए बुधवार (28 अक्टूबर) को ड्रॉ होना है। इसमें कुल 35 लोग शामिल किए जाएंगे, जिनमें सिक्योरिटी गार्ड का नाम भी शामिल है। हालांकि, 4 कर्मचारियों को इस साल भी पुराने पैरामीटर पर कारें दी गई हैं। अभी वह 4 कारें और देने वाले हैं। पिछले साल दिवाली पर इन्हीं फार्मा कारोबारी ने 51 कारें अपने कर्मचारियों को गिफ्ट की थीं। (पढ़ें पूरी खबर) 8. गोल्डन टेंपल में हेलीकॉप्टर से बरसे फूल अमृतसर में सोमवार को चौथे सिख गुरु श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व मनाया गया। इस मौके पर श्री हरिमंदिर साहिब में हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे थे। उन्होंने सरोवर में स्नान किया, गुरबाणी सुनी और माथा टेककर सुख-शांति की प्रार्थना की। हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा श्रद्धालुओं के लिए खास रही। श्री हरिमंदिर साहिब सिख धर्म का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है, जहां हर दिन देश-विदेश से श्रद्धालु नतमस्तक होने पहुंचते हैं। प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर यहां की धार्मिक रौनक और बढ़ जाती है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज कल से जालंधर में कल (27 अक्टूबर) से एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत होने जा रही है। इसमें भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता शुरू होने से एक दिन पहले सभी 6 टीमों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सभी कप्तानों ने अपनी-अपनी टीमों की तैयारियों पर भरोसा जताया है और मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का दावा किया। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन पंजाब के CM भगवंत मान करेंगे। इसके लिए जालंधर में नया इंटरनेशनल स्टेडियम बनाया गया है। CM मान ने रिकॉर्ड 4 महीनों में इस विश्वस्तरीय स्टेडियम को तैयार करवाया है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. मां की बालियां झपटकर भागे बदमाश, बेटी ने दबोचे पठानकोट में एक महिला की सोने की बालियां झपटकर भाग रहे 3 बदमाश में से 2 को महिला की बेटी ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने इनकी जमकर छित्तर परेड़ की। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनका तीसरा साथी भाग गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें लोग दोनों स्नेचरों को पीटते दिख रहे हैं। वहीं, जिस महिला की बालियां झपटी थीं, वह घायल है। उसका इलाज चल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)