समाचार · मध्य प्रदेश
पुष्पराजगढ़ MTS कर्मचारियों को चार महीने से वेतन नहीं मिला:कलेक्टर से की भुगतान की मांग, अतिथि शिक्षक को नौकरी से निकाला, जनसुनवाई में पहुंचा
अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ ब्लॉक में मंगलवार को लगी जनसुनवाई में दो बड़े मामले सामने आए। एक तरफ जहां मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) कर्मचारियों ने पिछले चार महीने का रुका हुआ वेतन मांगा, वहीं दूसरी तरफ एक अतिथि शिक्षक ने बिना पक्ष सुने नौकरी से हटाए जाने का आरोप लगाया। इन दोनों मामलों के अलावा जिलेभर से आए 56 आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपे। चार महीने से रुका है एमटीएस कर्मचारियों का वेतन सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में काम करने वाले एमटीएस कर्मचारियों ने कलेक्टर से अप्रैल से जुलाई तक का मानदेय जल्द दिलाने की गुहार लगाई। कर्मचारियों का कहना है कि बाकी ब्लॉकों (अनूपपुर, कोतमा और जैतहरी) में सबको समय पर पैसा मिल रहा है, लेकिन सिर्फ पुष्पराजगढ़ ब्लॉक में ही पक्षपात किया जा रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से उनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। अतिथि शिक्षक का आरोप- बिना पक्ष सुने निकाला गया दूसरे मामले में अतिथि शिक्षक अमरीश कुमार पटेल ने आरोप लगाया कि जनजातीय कार्य विभाग के पत्र के आधार पर 8 अगस्त 2026 को उन्हें एकतरफा कार्रवाई करते हुए नौकरी से हटा दिया गया। उनका कहना है कि वे साल 2013-14 से लगातार उसी स्कूल में पढ़ा रहे थे और हर साल 100% रिजल्ट देते आए हैं। इसके बावजूद उनका पैनल रद्द करके नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उन्होंने कलेक्टर से इस पूरे मामले की जांच कराने की माँग की है।