समाचार · मध्य प्रदेश
बरही पुलिस ने 2 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया:70 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कटनी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही थाना पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम पिपरिया कला में दबिश देकर 70 वर्षीय एक बुजुर्ग तस्कर को 2 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 22,000 रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने सोमवार को इस मामले का विस्तृत खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रविवार, 16 अगस्त को पुलिस टीम देहात भ्रमण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकली थी। इसी दौरान टीम ग्राम पिपरिया कला में मैन रोड स्थित एक मकान के पास पहुंची, जहां घर के बाहर बरामदे में एक व्यक्ति गुलाबी रंग का प्लास्टिक थैला लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही वह व्यक्ति घबरा गया और थैला लेकर तेजी से घर के अंदर भागने का प्रयास करने लगा। कटनी के बरही में रहता है आरोपी संदेह गहराने पर थाना प्रभारी और हमराह स्टाफ ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए मकान में दबिश दी और आरोपी को थैले सहित पकड़ लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम गिरधारी लाल पटेल, पिता भीमसेन कुर्मी (उम्र 70 वर्ष), निवासी पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी बताया। जब आरोपी के पास मौजूद गुलाबी थैले की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से 2 किलो 258 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती पत्रक तैयार कर गांजे को सील कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गिरधारी लाल पटेल बरही थाने का पुराना अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 22,000 रुपए कीमत का 2.258 किग्रा गांजा जब्त करते हुए उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत मामला पंजीकृत किया है।