समाचार · मध्य प्रदेश
मैहर में तीन महीने पुरानी चोरी का आरोपी गिरफ्तार:घर का कुंडा तोड़कर जेवर चुराने का आरोप; 10 लाख रुपए के जेवर और बाइक बरामद
मैहर में करीब तीन महीने पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दमोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक मिली है। इनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अरकंडी देवी जी वार्ड क्रमांक-1 निवासी राजभान शर्मा ने 30 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को वह परिवार के साथ अपने गांव सरसी गए थे। इसी दौरान रात में चोर घर का कुंडा तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान ले गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 879/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय शुक्ला के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और जांच के दौरान 30 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। तकनीकी टीम की मदद भी ली गई। सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक मिली पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर 27 नवंबर को राजेंद्र बसोर (25) को गिरफ्तार किया गया। वह भगवानदास बसोर का बेटा है और दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक मिली। पुलिस ने इनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई है। पुलिस ने आज शुक्रवार की शाम राजेंद्र को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय शुक्ला और पुलिस टीम ने की।