national
VIDEO: सौरव दास के पासपोर्ट में मिली गड़बड़ी? विदेश मंत्रालय ने बताया क्यों जारी किया शो-कॉज नोटिस

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय आवेदक को सही जानकारी देना अनिवार्य है. अगर किसी भी स्तर पर अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर तथ्यों को छिपाने या किसी तरह की विसंगति सामने आती है, तो आवेदक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है. इसके जरिए उसे अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है.
जायसवाल ने बताया कि संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर 2026 को सौरव दास को नोटिस जारी किया था. इसमें उनके जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. उन्हें सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है. साथ ही जवाब दाखिल करने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है.
पासपोर्ट में गलत जानकारी देने पर होती है कार्रवाई
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन में दी गई जानकारी सही होनी चाहिए. अगर संबंधित अधिकारियों की ओर से किसी तरह की कमी या विसंगति की जानकारी मिलती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत पासपोर्ट धारक को नोटिस जारी किया जाता है. इसका उद्देश्य आवेदक को सामने आई गड़बड़ियों पर अपना पक्ष रखने का अवसर देना है.
ऑक्सफोर्ड में व्याख्यान देने जा रहे थे सौरव दास
दरअसल, सौरव दास को इंग्लैंड स्थित ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था. उन्हें सोमवार को लंदन जाने वाली रात एक बजे की फ्लाइट में सवार होना था, लेकिन दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन जांच के दौरान उन्हें रोक दिया गया.
इसके बाद दास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट कर केंद्र सरकार की आलोचना की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि बिना कोई आदेश दिखाए उन्हें विदेश जाने से रोक दिया गया. उनका कहना था कि न तो उनके खिलाफ कोई लुकआउट सर्कुलर (LOC) था और न ही किसी प्राधिकारी ने उनकी यात्रा पर रोक लगाने की जानकारी दी थी.
दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे सौरव दास
विदेश यात्रा रोके जाने के खिलाफ सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया. उनकी याचिका का तत्काल सुनवाई के लिए उल्लेख किया गया. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने मामले को बृहस्पतिवार के लिए सूचीबद्ध करने की बात कही.
सुनवाई के दौरान दास के वकील ने अदालत को बताया कि उन्हें अब भी 27 नवंबर को ब्रिटेन पहुंचने की उम्मीद है और वहां उनके कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है. इस पर पीठ ने कहा कि मामले पर अगले दिन सुनवाई की जाएगी.
दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन सरकार ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया. उन्होंने इसे सरकार की बौद्धिकता विरोधी सोच बताते हुए सवाल उठाए थे.
ये भी पढ़ें: VIDEO: राजीव गांधी की सुरक्षा पर राहुल गांधी का दावा सही या गलत? हरिवंश ने चंद्रशेखर का हवाला देकर खोले राज