समाचार · छत्तीसगढ़
स्कूल भवन पूरा कराने तूफान में 15 किमी चले बच्चे:बोले-काम नहीं हुआ तो स्कूल नहीं आएंगे; 8.32 लाख मंजूर, 80% भुगतान फिर भी अधूरा
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के ठेमली गांव के स्कूली बच्चे और पेरेंट्स अधूरे स्कूल भवन के निर्माण को पूरा कराने की मांग लेकर अर्नब तूफान और बारिश के बीच 15 किमी पैदल चलकर मैनपुर पहुंचे। बच्चों ने बीईओ और एसडीएम कार्यालय का घेराव कर भवन का निर्माण पूरा कराने की मांग की और काम नहीं होने पर स्कूल का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। गांव के 30 से ज्यादा बच्चे एक ही कमरे में पढ़ने को मजबूर हैं। पेरेंट्स का आरोप है कि 8.32 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कमरे के लिए करीब 80 प्रतिशत राशि का भुगतान हो चुका है, लेकिन निर्माण 20 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों और भुगतान में गड़बड़ी को लेकर भी सवाल उठाया है। ट्राइबल विभाग के मुताबिक, मैनपुर ब्लॉक में 114 निर्माण कार्यों में से 97 अधूरे हैं और कुछ ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई व राशि वसूली की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, एसडीएम ने बच्चों की मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला एक कमरे में पढ़ने को मजबूर 30 से ज्यादा बच्चे ठेमली, ग्राम पंचायत बोईरगांव का आश्रित गांव है। यहां स्कूल के लिए अतिरिक्त कमरे का निर्माण अधूरा पड़ा है। मैनपुर जनपद सदस्य सुखचंद ध्रुव ने बताया कि पिछली सरकार के समय अतिरिक्त कक्ष बनाने के लिए 8 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए गए थे। निर्माण के लिए राशि भी निकाली गई, लेकिन इसके बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि भवन अधूरा होने के कारण 30 से ज्यादा बच्चों को एक ही कमरे में पढ़ना पड़ रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि वे कई बार भवन निर्माण पूरा कराने की मांग कर चुके हैं। सरकार के अलग-अलग जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बीईओ कार्यालय के बाद एसडीएम दफ्तर पहुंचे बच्चे स्कूल भवन की समस्या को लेकर बच्चे और ग्रामीण बारिश के बीच पैदल मैनपुर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बीईओ कार्यालय का घेराव किया। यहां अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद वे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस भी पहुंची। बच्चों के साथ आए अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से कई दौर की बातचीत की। इसके बाद बच्चों ने घेराव खत्म कर दिया। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि स्कूल भवन का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे स्कूल नहीं जाएंगे। 114 में से 97 निर्माण कार्य अधूरे होने का दावा जानकारी के मुताबिक, स्कूल जतन योजना के तहत मैनपुर ब्लॉक में कई निर्माण कार्य अधूरे हैं। योजना के तहत ट्राइबल विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया था। विभाग को शिक्षा विभाग से इन कामों के लिए 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि मिली थी। बताया गया है कि मैनपुर ब्लॉक में कुल 114 निर्माण कार्यों में से 97 अधूरे हैं। इनमें 14 शौचालय निर्माण के काम भी शामिल हैं। ठेमली के अतिरिक्त कक्ष के लिए 8 लाख 32 हजार रुपए मंजूर हुए थे। दावा है कि ठेकेदार को करीब 80 प्रतिशत राशि का भुगतान कर दिया गया, लेकिन निर्माण का 20 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हुआ। भुगतान और अधूरे कामों की जांच जारी ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्यों की सूची तैयार करने के बाद कार्रवाई और राशि की वसूली की प्रक्रिया चल रही है। कुछ ठेकेदारों के खिलाफ आरसीसी भी दर्ज किया गया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में आगे भी कार्रवाई की जाएगी। ……………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… छात्राओं की शिकायत पर भड़के बिलासपुर कलेक्टर:कहा- हमारे पास टीचर्स नहीं, सस्पेंड कर कहां से लाऊंगा दूसरे शिक्षक, VIDEO वायरल बिलासपुर जिले के मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल की छात्राओं ने शिक्षकों पर अभद्र व्यवहार और पढ़ाई में लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मीटिंग हॉल में छात्राओं ने संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई और प्राचार्य को हटाने की मांग की। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल छात्राओं पर भड़क गए। पढ़ें पूरी खबर…