समाचार · मध्य प्रदेश
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वामित्व योजना की ड्यूटी का विरोध किया:टीकमगढ़ ज्ञापन सौंपा, बोले- रात 11 बजे तक गांवों में काम करना सुरक्षित नहीं
टीकमगढ़ में स्वामित्व योजना के काम में पटवारी के साथ ड्यूटी लगाने के विरोध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बुधवार को रैली निकाली। उन्होंने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और इस काम से हटाने की मांग की। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की अखिल भारतीय मंत्री संगीता श्रीवास्तव और अध्यक्ष विनम्रिका परिहार ने बताया कि भू-स्वामित्व योजना के तहत उन्हें पटवारी के साथ काम करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पटवारी का मूल काम है। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने दो-तीन दिन यह काम किया, लेकिन उन्हें परेशानी हुई। पोर्टल पर काम शाम 6 से 11 बजे तक ठीक से हो पाता है। इस समय कार्यकर्ताओं को अपने विभाग के ऑनलाइन काम भी पूरे करने होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके मोबाइल फोन इस काम के लिए पर्याप्त नहीं हैं। ज्ञापन में कहा गया कि देर शाम गांवों में महिलाओं का काम करना सुरक्षित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने पूछा कि रात में क्षेत्र में काम करने के दौरान उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि देर तक घर से बाहर रहने से पारिवारिक कामों पर असर पड़ सकता है और घर में विवाद की आशंका है। संघ ने कलेक्टर से मांग की कि इस काम के लिए किसी दूसरे विभाग के पुरुष कर्मचारियों की मदद ली जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को ऐसे जोखिम वाले काम से अलग रखा जाए।