Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

राष्ट्रीय एकता दिवस: गुजरात रवाना हुआ बिहार का विशेष जत्था, सीएम ने दिखाई हरी झंडी

INT News28 October 2026 at 05:49 pm

दानापुर (पटना): गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए बिहार का एक विशेष जत्था बुधवार को रवाना हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह जत्था सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में शिरकत कर बिहार में नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता, शांति बहाली और विकास की बदलती तस्वीर को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करेगा.

22 नक्सल मुक्त जिलों के 1100 ग्रामीण शामिल

गृह विभाग के अनुसार, इस विशेष दल में बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के 206 जांबाज पुलिसकर्मी और राज्य के 22 नक्सल मुक्त जिलों से चुने गए 1100 ग्रामीण प्रतिभागी शामिल हैं. प्रत्येक पूर्व नक्सल प्रभावित जिले से 50-50 ग्रामीणों का चयन किया गया है. ये ग्रामीण राष्ट्रीय मंच पर अपने व्यक्तिगत व सामाजिक अनुभवों को साझा करेंगे और बताएंगे कि कैसे सुरक्षा बलों की मुस्तैदी तथा जनसहयोग से वामपंथी उग्रवाद का खात्मा हुआ और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े.

31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य समारोह

एकता नगर में 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां वे सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके उपरांत विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों का संयुक्त मार्च-पास्ट होगा. समारोह में देश के 10 राज्यों के 126 पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लगभग दो हजार कलाकार व ग्रामीण अपनी लोक संस्कृति और बदलाव की गाथा पेश करेंगे. इसके बाद 1 से 15 नवंबर तक चलने वाले 'भारत पर्व' में भी बिहार की समृद्ध कला व संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.

रवानगी के दौरान कई प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

विशेष ट्रेन की रवानगी के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित पुलिस व प्रशासनिक महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह दल केवल एक प्रतिनिधिमंडल नहीं, बल्कि बिहार के साहस, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव का राष्ट्रीय दूत बनकर जा रहा है.

Also Read: Watch Video: केंद्र और राज्य में सरकार, फिर भी लोकतंत्र बचाने CM सम्राट के साथ सड़क पर उतरी BJP