समाचार · मध्य प्रदेश
गड़रा कांड के 10 फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ा:अब गिरफ्तारी पर हर आरोपी के लिए 5 हजार मिलेंगे; 41 आरोपी पकड़े जा चुके
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा कांड में फरार 10 आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने यह इनाम घोषित किया है। मामले में अब तक 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 10 आरोपी अब भी फरार फरार आरोपियों में अच्छेलाल कोल, राजाराम कोल, संजय कोल, रामकिशोर कोल, रामकृपाल कोल, रमेश कोल, रानी कोल, मुन्नीबाई, फूलवती उर्फ फूलकुमारी और लवकुश कोल शामिल हैं। सभी के खिलाफ शाहपुर थाने में अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने या उनके बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5-5 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। पुलिस टीम पर हमले में ASI की हुई थी मौत गड़रा कांड 15 मार्च 2025 को सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में सनी द्विवेदी को कथित तौर पर घर में बंद कर उनकी हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम उन्हें बचाने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ। हमले में ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रामचरण गौतम की मौत हो गई थी। एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति रही। इनाम की राशि 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार की अतिरिक्त पुलिस अधिकारी शशिकांत सरयाम ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दी गई है।