Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:स्कूलों का टाइम बदला, गुरुद्वारे में माथा टेक गोली चलाई, यूनिवर्सिटी में छात्र भिड़े, जेल में गैंगस्टर की मौत

INT News28 October 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की बड़ी खबर मानसा के झोटा हत्याकांड और दलजीत की मौत से जुड़ी रही। दलजीत की मौत के बाद परिजनों ने इसे नशे का ओवरडोज बताया और शव इंसाफ के लिए चल रहे धरने में ले आए। आरोप है कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिवार पर पोस्टमॉर्टम का दबाव बनाया। गुस्साए लोगों ने पुलिस की फॉरेंसिक वैन घेरकर रोक दी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर फोटो में प्ले बटन पर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. झोटा हत्याकांड, मानसा में माहौल तनावपूर्ण मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा हत्याकांड के बाद अब दलजीत की मौत को लेकर माहौल बिगड़ गया है। दलजीत की कल (27 अक्टूबर) को मानसा के गांव भम्मे कलां में मौत हो गई थी। परिवार ने इसे नशे के ओवरडोज से मौत बताया और लाश को झोटा के इंसाफ के लिए लगे धरने में ले आए। यहां पुलिस ने उनसे लाश छीन ली। इसको लेकर यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई। अब परिवार का आरोप है कि पुलिस उन पर जबरदस्ती पोस्टमॉर्टम करवाने का दबाव डाल रही है। दलजीत की लाश बठिंडा एम्स में रखी गई है। वहीं झोटा का 14 दिन बीतने के बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। उनके पिता भीम सिंह ने अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग इंसाफ कमेटी के धरने में मानसा पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर) 2. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बवाल, आधी रात भिड़े स्टूडेंट्स चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में मंगलवार आधी रात छात्रों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान एक छात्र ने अपने रूममेट को चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं एक अन्य छात्र को भी चोट आईं। विवाद के बाद हॉस्टल परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस की 3 टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने छात्रों को शांत करवाया। (पढ़ें पूरी खबर) 3. गुरुद्वारे में फायरिंग, हमलावर ने पहले माथा टेका, परिक्रमा लगाई लुधियाना के जगराओं में बुधवार तड़के करीब 3 बजे गुरुद्वारा मंजी साहिब (राजोवन कलां) में दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बदमाश प्लैटिना बाइक पर आए थे और बाइक की नंबर प्लेट छिपाई हुई थी। इनमें से एक बदमाश गुरुद्वारे के अंदर गया, माथा टेका और निशान साहिब की परिक्रमा की। इसके बाद बाहर आकर गुरुद्वारा प्रमुख बाबा बलदेव सिंह के कमरे पर गोली चलाई और फरार हो गया। वारदात के समय बाबा कमरे में मौजूद नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को पता था कि बाबा मंगलवार और बुधवार को संगत से मिलने के लिए बैठते हैं। बदमाशों ने इस चीज की पहले ही रेकी कर रखी थी। एसएचओ ने कहा कि सीसीटीवी खंगाली जा रही है और जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 4. सभी स्कूलों का टाइम बदला पंजाब में 2 नवंबर से स्कूलों का समय बदल जाएगा। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने बुधवार को सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों का समय बदलने का फैसला लिया है। नए शेड्यूल के तहत स्कूल सुबह 9 बजे शुरू होंगे। प्राइमरी स्कूल दोपहर 3 बजे तक और मिडिल से सीनियर सेकेंडरी तक के स्कूल दोपहर 3:20 बजे तक चलेंगे। यह व्यवस्था 28 फरवरी तक लागू रहेगी। पंजाब में 19 हजार से अधिक स्कूल हैं, जिन पर ये आदेश लागू होंगे। अगले साल 1 मार्च से स्कूलों के समय में फिर बदलाव किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पंजाब सरकार की तीर्थयात्रा की 3 बसें उत्तराखंड में इम्पाउंड पंजाब सरकार की तीर्थयात्रा योजना के तहत चल रही बसों में उत्तराखंड के हरिद्वार में चेकिंग के दौरान कई खामियां सामने आई हैं। कई बसों के पास न तो परमिट मिला और न ही उनका टैक्स जमा था। यही नहीं, यात्री सुरक्षा के लिहाज से भी बसें फिट नहीं मिली। उत्तराखंड परिवहन विभाग की जांच में इन खामियों का खुलासा हुआ है। हरिद्वार ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की मानें तो पंजाब सरकार तीर्थयात्रा योजना के तहत हरिद्वार गई 3 बसों को कागज व सुरक्षा मानक पूरे न होने पर इम्पाउंड किया गया है। उनका तर्क है कि ऐसा करके जहां टूरिस्ट बस ऑपरेटर सरकार के राजस्व को चूना लगा रहे हैं। साथ ही यात्रियों की जिंदगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। हरिद्वार परिवहन विभाग की मानें तो पंजाब से 10 बसें तीर्थयात्रा स्कीम के तहत रोजाना हरिद्वार आती हैं। उनमें से 5 बसों के चालान काटे गए हैं। 3 बसें सीज की गई, हालांकि जुर्माना भरने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 6. निगम में विजिलेंस रेड, प्रॉपर्टी टैक्स इंस्पेक्टर काबू लुधियाना के नगर निगम के बी जोन कार्यालय में बुधवार दोपहर विजिलेंस टीम ने दबिश देकर ग्राउंड फ्लोर पर स्थित प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के एक इंस्पेक्टर को रंगे हाथों काबू किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंस्पेक्टर पर प्रॉपर्टी टैक्स की सेटलमेंट करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। रेड के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने संबंधित इंस्पेक्टर के कैबिन में जांच शुरू कर दी। टीम वहां रखे दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। (पढ़ें पूरी खबर) 7. मजीठिया के खिलाफ चार्जशीट, 700 करोड़ के लेनदेन का जिक्र अकाली नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से जुड़े आय से अधिक संपत्ति मामले में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 40 हजार पन्नों की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। इसमें करीब 700 करोड़ रुपए के लेनदेन का जिक्र किया गया है। ट्रंकों में भरकर चार्जशीट को विजिलेंस टीम लेकर पहुंची थी। इस मामले में विजिलेंस ने गुरमेहर सिंह, साले गज्जपत सिंह ग्रेवाल, हरप्रीत गुलाटी, अमरदीप सिंह और 10 कंपनियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। इससे पहले विजिलेंस ब्यूरो बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ करीब 40 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुका है। बुधवार को दाखिल की गई नई चार्जशीट के बाद दोनों चार्जशीट के दस्तावेजों की कुल संख्या करीब 53 हजार पन्ने हो गई है। अब तक कुल चार चार्जशीट दाखिल की। इससे पहले विजिलेंस ब्यूरो ने अगस्त में भी इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. सेंट्रल जेल में बंद गैंगस्टर की मौत होशियारपुर सेंट्रल जेल में बंद गैंगस्टर भूपेश चोपड़ा की मौत हो गई है। वह फिरोजपुर का रहने वाला था और कुछ दिन पहले ही उसे जेल में शिफ्ट किया गया था। देर रात करीब 8 बजे भूपेश चोपड़ा की तबीयत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भूपेश चोपड़ा बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चरी में रखवा दिया है। मामले में न्यायिक जांच भी करवाई जाएगी। डॉक्टरों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं है। भूपेश चोपड़ा के खिलाफ करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। (पढ़ें पूरी खबर) 9. बस खाई में गिरी, 4 की मौत मनाली-कीरतपुर साहिब नेशनल हाईवे पर बुधवार को बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हैं। चारों मृतक रोपड़ के रहने वाले थे। हादसा देहणी मसेवाल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, कुल्लू में दशहरे का कार्यक्रम करके लौट रही डीजे साउंड वाली बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को श्री आनंदपुर साहिब अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… दशहरे पर CM मान-मेयर की तस्वीरें जलाईं, अकाली पार्षद समेत 5 पर FIR लुधियाना में दशहरे के पावन पर्व पर रावण के पुतले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, लुधियाना की मेयर और हलका पूर्वी के विधायक की तस्वीरें लगाकर दहन करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना टिब्बा की पुलिस ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को इस कार्य के लिए शिरोमणि अकाली दल एक पार्षद और उनके कई साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। FIR के अनुसार यह घटना 20 अक्टूबर (दशहरे के दिन) रात करीब 8 बजे की है। शिकायतकर्ता नीरज चोपड़ा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपियों ने रावण के पुतले पर तस्वीरें लगाकर हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहार का मजाक उड़ाया है, जिससे धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)