समाचार · हरियाणा
हर व्यवस्था का अलग अफसर, ADC संभालेंगे पूरा कार्यक्रम:ट्रैफिक-पार्किंग-हेलीपैड से लेकर मेडिकल तक की जिम्मेदारी तय; राष्ट्रपति का कुरुक्षेत्र दौरा, हरियाणा डे पर आएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र दौरे को लेकर प्रशासन ने हर व्यवस्था के लिए अलग अफसर की ड्यूटी लगा दी है। ट्रैफिक, हेलीपैड, पार्किंग, मेडिकल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी समेत सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय की गई है। पूरे कार्यक्रम में विभागों के बीच तालमेल और संचालन की कमान एडीसी पंकज सेतिया को सौंपी गई है। वहीं, राष्ट्रपति पहली बार कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (केयू) में राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति 5 घंटे तक कुरुक्षेत्र रुकेंगी। ट्रैफिक से लेकर मंदिर तक की जिम्मेदारी तय राष्ट्रपति के दौरे के दौरान रोड रूट की जिम्मेदारी SP चंद्र मोहन और SDM अमन कुमार संयुक्त रूप से संभालेंगे। हेलीपैड की व्यवस्था SDM शाहाबाद शंभू राठी देखेंगे। VIP रूट और शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में कार्यक्रम की जिम्मेदारी SDM थानेसर अमन कुमार को दी गई है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) के ऑडिटोरियम की व्यवस्था SDM लाडवा राजेश कुमार सोनी संभालेंगे। यहां कार्यक्रम के लिए लाइन-अप की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार राहुल को दी गई है। प्रदर्शनी की व्यवस्था MD शुगर मिल आदित्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी DIPRO डॉ. नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। गुरुकुल कुरुक्षेत्र के कार्यक्रम के लिए अलग अफसर गुरुकुल कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान लाइन-अप की व्यवस्था SDM पिहोवा डॉ. राहुल कनवारिया देखेंगे। ग्रीन रूम और लायजन की जिम्मेदारी DRO चेतना चौधरी को दी गई है। गुरुकुल में बैठने की व्यवस्था नायब तहसीलदार सागर मल, BDPO पिहोवा विवेक और इस्माइलाबाद अंकित पुनिया संयुक्त रूप से संभालेंगे। पार्किंग-पास और मेडिकल के लिए भी अधिकारी नियुक्त ट्रांसपोर्ट और पार्किंग की जिम्मेदारी रोडवेज GM समिंदर और नगर परिषद (नप) के एक्सइएन रवि ओबेरॉय को दी गई है। पास, निमंत्रण और वाहनों की व्यवस्था नगराधीश आशीष कुमार संभालेंगे। मेडिकल सुविधाओं के लिए CMO डॉ. सुखबीर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। आवास की व्यवस्था SDM शंभू राठी और नगराधीश आशीष कुमार संयुक्त रूप से देखेंगे। खराब रास्ते और स्ट्रीट लाइटों की रिपेयर DC विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों और राष्ट्रपति के रूट पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। DFO को पेड़ों की छंटाई और सूखी शाखाएं हटाने, जबकि DMC को सफाई अभियान चलाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश हैं। पहली बार राष्ट्रपति करेंगी रत्नावली का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को केयू में राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। यह पहली बार होगा, जब राष्ट्रपति इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। इस बार महोत्सव 1 से 4 नवंबर तक आयोजित होगा। पहले इसकी तारीखें 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक तय की गई थीं। लेकिन राष्ट्रपति के दौरे के चलते इनमें बदलाव किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरियाणा डे पर केयू में होने वाले प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी। प्रदेश के 60 साल पूरे होने पर ये कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 में कुरुक्षेत्र पहुंचीं थीं।