Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अंबेडकर के चित्र पर रक्षक मोर्चा की आपत्ति:राजेंद्र प्रसाद और सर बीएन राव के चित्र लगाने की मांग; नहीं मानी तो विधानसभा घेराव की चेतावनी

INT News25 November 2026 at 06:45 pm

मध्य प्रदेश विधानसभा में 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर होने वाले संविधान गैलरी के उद्घाटन से पहले विवाद खड़ा हो गया है। ग्वालियर में रक्षक मोर्चा के संरक्षक और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनिल मिश्रा ने गैलरी में डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र लगाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान का प्रारूप तैयार करने वाले सर बीएन राव के चित्र भी लगाने की मांग की है। मांग नहीं माने जाने पर उन्होंने आंदोलन और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश के 17 प्रतिनिधियों के चित्र लगाने की मांग रक्षक मोर्चा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संविधान गैलरी में लगाए जाने वाले चित्रों को लेकर अपनी बात रखी। एडवोकेट अनिल मिश्रा ने कहा कि संविधान गैलरी बनाना अच्छी पहल है, लेकिन इसमें मध्य प्रदेश के लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यदि मध्य प्रदेश के बाहर के किसी व्यक्ति का चित्र लगाया जा रहा है, तो डॉ. राजेंद्र प्रसाद और सर बीएन राव को भी सम्मानपूर्वक स्थान मिलना चाहिए। मिश्रा ने कहा कि संविधान निर्माण के समय मध्य प्रदेश का वर्तमान स्वरूप अस्तित्व में नहीं था। उस समय छह रियासतों को मिलाकर 17 लोगों को प्रतिनिधित्व दिया गया था। उन्होंने इन सभी प्रतिनिधियों के चित्र भी गैलरी में लगाने की मांग की। उनके मुताबिक, संविधान निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। अंबेडकर के चित्र पर जताई आपत्ति एडवोकेट मिश्रा ने कहा कि उनका विरोध संविधान गैलरी बनाने को लेकर नहीं, बल्कि उसमें लगाए जाने वाले चित्रों को लेकर है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र लगाए जाने पर आपत्ति जताई। मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश के निवासी नहीं रहे व्यक्ति का चित्र और मूर्ति विधानसभा की गैलरी में लगाया जाना उन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि गैलरी में किसी अन्य व्यक्ति का चित्र लगाया जा रहा है, तो संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान का प्रारूप तैयार करने वाले सर बीएन राव को भी स्थान मिलना चाहिए। मिश्रा ने दावा किया कि सर बीएन राव ने 16 देशों की यात्रा के बाद संविधान का प्रारूप तैयार किया था, जिसे संविधान सभा के समक्ष रखा गया। मांग नहीं मानी तो आंदोलन और विधानसभा घेराव मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो रक्षक मोर्चा विरोध प्रदर्शन करेगा और आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के लिए भी सहमति बनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध शांतिपूर्ण तरीके से होगा और वे अपनी मांग को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। मिश्रा ने मुख्यमंत्री से भी मांग की कि संविधान गैलरी में संविधान निर्माण से जुड़े सभी महत्वपूर्ण व्यक्तियों और मध्य प्रदेश के प्रतिनिधियों को सम्मानजनक स्थान दिया जाए।