Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

इमरान मसूद का मायावती को ऑफर, बोले- हमारे साथ आएं बहनजी; सपा से पूछा- कांग्रेस से लड़ना है या BJP से?

INT News25 November 2026 at 06:34 pm

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग को लेकर ठन गई है. सपा ने मंगलवार रात पांच उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की. इससे यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद भड़क गए. इन पांच सीटों में मसूद के सहारनपुर वाली दो सीटें भी शामिल हैं. अब सपा-कांग्रेस में चल रहे सीटों पर विवाद के बीच इमरान मसूद ने मायावती को साथ आने की सलाह दी है. मसूद ने मायावती को बड़ा नेता बताया और कहा कि वह चाहते हैं कि बहनजी कांग्रेस के साथ आएं.

इमरान मसूद ने मायावती को लेकर क्या कहा

एक टीवी चैनल से बात करते हुए इमरान मसूद ने मायावती से जुड़े सवाल पर कहा कि बहन जी बहुत बड़ी नेता हैं, मैं तो चाहता हूं कि वह हमारे साथ आएं. मैंने कब मना किया. मसूद ने कहा कि हालांकि, यह फैसला मायावती को ही करना है कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन करेंगी या नहीं. इससे पहले, मसूद ने सपा द्वारा कम सीटें दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि हम कोई भीख नहीं मांग रहे हैं. समाजवादी पार्टी इस बात पर जोर दे रही है कि क्राइटेरिया जीतने के इक्वेश्न होने चाहिए, न कि सीटों की संख्या.

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे कि क्या सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत आगे जारी रखनी चाहिए या नहीं. इमरान मसूद ने यह भी कहा कि जब एक तरफ आप बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं, तो इससे पता चलता है कि आप गंभीर नहीं हैं.

ये भी पढ़ें: अकाली दल-BJP गठबंधनः फिर साथ आए पुराने सहयोगी, किसको होगा फायदा और किसे नुकसान? एक्सपर्ट से समझिए

'कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या भाजपा से'

कांग्रेस नेता ने सपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुझे यह समझ नहीं आ रहा है कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या भाजपा से. यह तय होना चाहिए हम भाजपा से लड़ाई चाहते हैं या फिर आपस में ही लड़ाई चाहते हैं. उन्होंने सीटों को लेकर हो रही बंद कमरों में बातचीत को बाहर बताए जाने पर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि कोई न कोई बंद दरवाजों के पीछे हो रही उन बातों को बता रहा होगा. आखिर, उन बातों को कौन लीक कर रहा है.

सहारनपुर की दो सीटों पर सपा ने उतारे कैंडिडेट

उधर, अखिलेश यादव ने सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को दोबारा उम्मीदवार घोषित कर कांग्रेस सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष इमरान मसूद की राजनीतिक रणनीति को झटका दिया है. सपा ने बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर देहात से आशु मलिक को उम्मीदवार घोषित किया है. इमरान मसूद सहारनपुर देहात सीट से अपने करीबी विधान परिषद सदस्य शाहनवाज खान की दावेदारी पेश कर रहे थे. वहीं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व विधायक मसूद अख्तर को भी कांग्रेस के टिकट पर जिले की किसी एक सीट, विशेषकर बेहट से चुनाव लड़ाने का भरोसा दिया जा रहा था.