समाचार · पंजाब
लुधियाना में अधेड़ व्यक्ति की हत्या:सिर पर चोट के निशान मिले; पास बिखरा मिला बटन वाला मोबाइल और भिगी डायरी
लुधियाना के ढंडारी इलाके में लोहे के पुल के पास आज सोमवार को करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सहम का माहौल बन गया। राहगीरों ने शव पड़ा देखा तो तुरंत थाना साहनेवाल की कंगनवाल पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नहीं हुई। शव सिर के बल जमीन पर गिरा हुआ मिला। उसके सिर पर वार किए जाने के निशान हैं। शव के पास एक बटन वाला मोबाइल भी बिखरा हुआ मिला। मृतक की जेब से एक डायरी भी बरामद हुई है, लेकिन पानी में भीग जाने के कारण उसमें लिखा हुआ स्पष्ट नहीं पढ़ा जा सका। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी कंगनवाल के मुंशी जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करवाने के लिए उसके परिजनों की तलाश में जुटी हुई है। लूट की कोशिश के दौरान हत्या का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मृतक के साथ लूट की कोशिश की गई हो सकती है। इसी दौरान उसके सिर पर वार किए जाने से उसकी मौत हुई हो। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या या लूट के संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। मौके से मिले सामान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना की कड़ी जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक वहां कब पहुंचा और उसके साथ कौन-कौन लोग थे। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच जारी है। मृतक के परिजनों के पहुंचने और उसकी पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।