Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में जलाभिषेक से पहले पुलिस अलर्ट:कांवड़ियों के लिए सर्विस रोड बंद, हाईवे और आगरा नहर पर बढ़ी पुलिस फोर्स

INT News10 August 2026 at 01:45 pm

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त फरीदाबाद पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसे देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए हैं। आम लोगों के लिए सर्विस रोड बंद नेशनल हाईवे के सर्विस रोड को आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस रास्ते को फिलहाल केवल कांवड़ियों के आवागमन के लिए खोला गया है। हाईवे के कटों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आगरा नहर के साथ भी पुलिस बल बढ़ाया गया है। स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच, ट्रेफिक पुलिस, वालंटियर, सहित 2 हजार पुलिस कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। डाक कांवड़ को लेकर खास तैयारी पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में कांवड़ियों की संख्या काफी बढ़ने की संभावना है। फरीदाबाद से बड़ी संख्या में शिवभक्त गुरुग्राम और मथुरा की तरफ जा रहे हैं। डाक कांवड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। रातभर सड़कों पर पुलिस की निगरानी जलाभिषेक को लेकर रात के समय पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। पुलिसकर्मी हाईवे, आगरा नहर और कांवड़ियों के प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। यह व्यवस्था मंगलवार को जलाभिषेक तक जारी रहेगी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्त फरीदाबाद के आदर्श नगर से हरिद्वार के लिए निकले शिवभक्त कई दिनों की कठिन यात्रा पूरी कर गंगाजल लेकर वापस अपने गंतव्य तक पहुंच चुके हैं। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से होते हुए कांवड़ियों का कारवां अब फरीदाबाद पहुंचा है। आस्था के आगे छोटी लगी हर मुश्किल शिवभक्तों का कहना है कि यात्रा के दौरान कई मुश्किलें आईं, लेकिन भोलेनाथ की भक्ति और आस्था के आगे हर परेशानी छोटी लगने लगी। अब मंगलवार को भगवान शिव को गंगाजल अर्पित कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।