समाचार · मध्य प्रदेश
MP में सूखे जैसे हालात थे, अब बाढ़ आ गई:जलभराव, रास्ते बंद; डैम में पानी बढ़ा, नदियां फिर उफान पर; देखिए तस्वीरें...
मध्यप्रदेश में बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। भोपाल में 7 इंच बारिश के बाद सड़कें और बस्तियां जलमग्न हैं, वहीं सीहोर में उफनते नाले के बीच गर्भवती को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। ब्यावरा के रेलवे अंडरपास में पानी भरने से 25 गांवों का संपर्क टूट गया, जबकि कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और पुल-पुलियाओं पर आवागमन रोकना पड़ा है। लगातार बारिश से जहां लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं, वहीं डैम और जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भोपाल-बैरसिया रास्ता बंद हो गया और नदियां उफान पर आ गई। बारिश का असर सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं है। सीहोर से लेकर रायसेन, शाजापुर, विदिशा, मंडला और उमरिया तक कई इलाकों में पानी सड़कों, घरों और बाजारों तक पहुंच गया है। भोपाल में स्कूल बंद करने पड़े और प्रशासन को जलभराव वाले इलाकों में राहत एवं बचाव के इंतजाम बढ़ाने पड़े हैं। भोपाल के बड़ा तालाब में 2 फीट से ज्यादा पानी बढ़ा तो कोलार, कलियासोत और केरवा डैम में भी पानी की आवक हुई। उमरिया के जोहिला डैम के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। देखिए तस्वीरों में एमपी की बारिश… सीहोर… सीहोर में भारी बारिश से कई जगह जल जमाव की स्थिति है। कई मकानों और कालोनियों में पानी भर गया है। पुलिस-प्रशासन और होमगार्ड की टीम सुबह से रेस्क्यू भी कर रही है। बमुलिया, शिकारपुरा, धामनखेड़ा, काहिरी, सेमली, खुटियाखेड़ी, सागोनी, इमलीखेड़ा, टांकपुरा आदि गावों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। भोपाल… भोपाल-बैरसिया मार्ग पर ईंटखेड़ी पुल के ऊपर से पानी जा रहा है। इससे आवागमन रोक दिया गया है। अर्जुनखेड़ी, खेजड़ाघाट-ललरिया समेत आसपास के गांवों का रास्ता बैरसिया रोड से जुड़ता है। रास्ते के बीच में बाहा नदी का रपटा है। इसके ऊपर से 7 फीट पानी जा रहा है। इससे रास्ता बंद हो गया। ईंटखेड़ी थाना परिसर में भी पानी भर गया है।इसी तरह शहर की छोटी व संकरी कालोनियों में पानी भरा हुआ है। छोला का शबरी नगर इससे ज्यादा प्रभावित है।