Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खाटू श्याम की भजन संध्या से लौट रहा था युवक:बदमाशों ने चाकू से किए 4 वार, FRV से पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल; ऑटो ड्राइवर पर भी हमला

INT News10 August 2026 at 01:50 pm

इंदौर के हीरानगर में रविवार रात करीब 1 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक होटल कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। बदमाशों ने उस पर चाकू से करीब 4 वार किए। गंभीर हालत में पुलिस की FRV टीम उसे पहले लाइफ केयर अस्पताल ले गई। यहां इलाज नहीं मिलने पर अरविंदो अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, सदर बाजार इलाके में भी एक ऑटो ड्राइवर पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। काम खत्म कर भजन संध्या सुनने रुका था युवक हीरानगर टीआई सुशील पटेल ने बताया कि घायल की पहचान तेजसिंह पुत्र लेखापाल, निवासी लाहिया कॉलोनी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नरसिंहगढ़ का रहने वाला है और करीब एक महीने पहले काम के सिलसिले में इंदौर आया था। फिलहाल वह एक होटल में वेटर का काम करता है। तेजसिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे काम खत्म करने के बाद वह घर के लिए निकला था। रास्ते में खाटू श्याम मंदिर में चल रही भजन संध्या में रुक गया। रात करीब 1 बजे वह पैदल घर जा रहा था, तभी चार युवक उसके पास आए और उसे रुकने के लिए कहा। पेट और पीठ पर किए चाकू से वार तेजसिंह के मुताबिक, चार युवकों में से दो के पास चाकू थे। एक आरोपी ने उसके पेट पर दो वार किए, जबकि दूसरे ने पीठ पर चाकू मारा। वह चिल्लाया तो आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद कुछ राहगीर वहां पहुंचे। तेजसिंह ने मोबाइल से परिवार और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची। पुरानी रंजिश नहीं, लूट के इरादे से हमले की आशंका टीआई सुशील पटेल के मुताबिक, सभी आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं। रात में तेजसिंह के ज्यादा बयान नहीं हो पाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाल रही है। पुलिस के मुताबिक, युवक की किसी से पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। हमला लूट के इरादे से किया गया हो सकता है। सदर बाजार में ऑटो ड्राइवर पर भी चाकू से हमला सदर बाजार में रविवार को एक ऑटो ड्राइवर पर भी बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुभम नगर, एरोड्रम निवासी पीयूष कुमावत रास्ते में एक दुकान पर रुका था। सामान लेने के बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ जा रहा था। इसी दौरान एक आरोपी पीछे से आया और पीयूष के हाथ और सिर पर चाकू से हमला कर दिया। पीयूष मौके पर ही गिर गया। उसके दोस्तों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। इसके बाद दोनों दोस्त पीयूष को इलाज के लिए शशि नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। पुलिस ने पीयूष के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की है।