समाचार · मध्य प्रदेश
गुन्नौर के दो युवक जगन्नाथ पुरी के लिए साइकिल यात्रा:नगरवासियों ने पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों से दी विदाई
पन्ना जिले के गुन्नौर के प्रमोद कोरी और विनोद कोरी ने सोमवार को जगन्नाथ पुरी धाम के लिए एक साइकिल यात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक सद्भाव और लोक कल्याण बताया गया है। यात्रा के शुभारंभ पर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में नगरवासी और जनप्रतिनिधि एकत्र हुए। उपस्थित लोगों ने साइकिल यात्रियों को रोली-अक्षत का तिलक लगाया, पुष्पहार पहनाए और ढोल-नगाड़ों के बीच उन्हें विदाई दी। पूज्य बालक दास महंत ने यात्रियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभ आशीष दिया। इस दौरान पूरा गुन्नौर नगर 'जय श्री राम', 'जय बालाजी महाराज' और 'जय जगन्नाथ स्वामी' के जयकारों से गूंज उठा। विदाई समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना मलखान सिंह और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार गौतम भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ऐसी कठिन यात्राएं अटूट श्रद्धा और आत्मबल से पूरी होती हैं। उन्होंने गुन्नौर के इन युवाओं के धार्मिक संकल्प को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया और यात्रियों के उत्तम स्वास्थ्य व सुरक्षित यात्रा की कामना की। यह साइकिल यात्रा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न धार्मिक स्थलों और तीर्थों से होते हुए ओडिशा स्थित पवित्र जगन्नाथ पुरी धाम पहुंचेगी। वहां भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन, पूजन और विशेष आरती के साथ इस संकल्प यात्रा का समापन होगा। यह भी विदाई देने पहुंचे इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना मलखान सिंह, उपाध्यक्ष चंदन सपेरा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार गौतम, कुलदीप राजा, धर्मराज कश्यप, सेवा दल ब्लॉक अध्यक्ष संतोष लोधी, नगर अध्यक्ष रामस्वरूप पटेल एवं उमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।