Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

व्यवसायी के ऑफिस से 20 लाख ले गए चोर:जनकगंज के जीवाजीगंज में वारदात, ताले तोड़कर नकदी और सीसीटीवी का DVR ले उड़ा गिरोह

INT News10 August 2026 at 01:51 pm

ग्वालियर शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवाजीगंज स्थित पीजीवी कॉलेज के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर गिरोह ने एक प्रमुख व्यवसायी के ऑफिस को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये नकदी और अन्य सामान पार कर दिया।

चोरी के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शातिर चोर जाते-जाते ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गए। सोमवार सुबह जब आसपास के लोगों ने ऑफिस के ताले टूटे देखे, तो घटना का खुलासा हुआ। सुबह ताले टूटे मिले, अंदर बिखरा पड़ा था सामान सिटी सेंटर निवासी संजय बंसल पुत्र राजेन्द्र प्रसाद बंसल बड़े व्यवसायी हैं। उनकी 'हिंदुस्तान यूनिलीवर' की एजेंसी के साथ ही बड़े पैमाने पर स्टेशनरी का कारोबार भी है। उनका मुख्य कार्यालय जीवाजीगंज में स्थित है। रविवार रात को रोजाना की तरह वे अपना काम समेटकर ऑफिस बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने जब देखा कि ऑफिस के शटर/दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं, तो उन्होंने तुरंत संजय बंसल को फोन कर इसकी जानकारी दी। व्यवसायी जब मौके पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए; अलमारी खुली पड़ी थी और सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। 20 लाख की नकदी व सामान चोरी, साथ ले गए DVR पीड़ित व्यवसायी संजय बंसल के मुताबिक, चोर ऑफिस की अलमारी व तिजोरी में रखे करीब 20 लाख रुपये कैश और कुछ अन्य कीमती सामान बटोर ले गए। चोरों को पता था कि ऑफिस में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इसलिए पहचान छिपाने के लिए वे कैमरों से जुड़ा डीवीआर मशीन भी उखाड़कर ले गए। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और पुलिस की जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही जनकगंज थाना सर्किल की सीएसपी किरण अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस की अलग-अलग टीमें अब आसपास की दुकानों, गलियों और मुख्य मार्गों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि चोरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। जनकगंज थाना टीआई अतुल सोलंकी का कहना "जीवाजीगंज में व्यवसायी के ऑफिस से चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस व फिंगरप्रिंट टीम ने मौके का मुआयना किया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का सुराग लगाया जा रहा है, जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"