समाचार · हरियाणा
नारनौल रेलवे स्टेशन पर नागरिक अभिनंदन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित:रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बना जागरूक मंच, नई कार्यकारिणी का गठन
हरियाणा के नारनौल में दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल-अटेली की ओर से रविवार को रेलवे स्टेशन पर नागरिक अभिनंदन, सम्मान समारोह एवं यात्री जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे यात्रियों की सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और रेलवे नियमों के पालन को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक महावीर प्रसाद, निजामपुर स्टेशन सुपरिटेंडेंट जितेंद्र सिंह यादव, आरपीएफ थाना प्रभारी कैलाश चंद और जीआरपी थाना प्रभारी रमेश चंद का मंच की ओर से नागरिक अभिनंदन कर सम्मानित किया गया। मंच पदाधिकारियों ने कहा कि रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई कार्यकारिणी का हुआ गठन कार्यक्रम में दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल-अटेली की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नव-नियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए बताया गया कि संगठन का उद्देश्य दैनिक रेल यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और यात्रियों को स्वच्छता, सुरक्षा तथा रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना रहेगा। जागरूकता फ्लेक्स लगाए मंच की ओर से रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता और रेलवे नियमों के पालन संबंधी जागरूकता फ्लेक्स भी लगाया गया। यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की गई। मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि संगठन यात्रियों की समस्याओं को सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से रेलवे प्रशासन के समक्ष रखेगा। साथ ही यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नारनौल-अटेली क्षेत्र के रेल यात्रियों को अधिक सुविधाएं दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मास्टर विजय भारद्वाज, भीम कुमार, राजू आर्य और नरेंद्र कुमार (अटेली) भी मौजूद रहे। इस अवसर पर महेश बाखलिया, मनीष कोली, पवन कुमार, सतीश कुमार, विनोद वर्मा, जीतू कोली, महावीर प्रसाद, विनोद सोनी, राजू सोनी, सुरेश सैनी, अनूप शर्मा, अमित सैनी, एडवोकेट राजरतन, सत्येंद्र यादव सहित मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।