समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में करंट से किया तेंदुए का शिकार:चारों पंजे काटे; खाल भी उधेड़ी, 6 आरोपी गिरफ्तार, रेंजर सहित 3 वनकर्मी नपे
बालाघाट जिले में एक तेंदुए का शिकार किया गया। शिकारियों ने उसे बिजली का करेंट लगाकर मारा, फिर कुल्हाड़ी से पंजे काटे और खाल उधेड़ दी। खाल को घटनास्थल के पास एक गड्ढे के पानी में डुबोकर रखा गया था। वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी कई दिन बाद मिली। घटना 22 अक्टूबर को नारंगी-खांडापार के बीच हिर्री बीट के कक्ष क्रमांक 1815 के घने जंगल में सामने आई। तेंदुए के साथ एक सियार का शव भी मिला, जिसकी मौत भी करंट से हुई थी। वन विभाग ने शवों को चार से पांच दिन पुराना बताया है। छह आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में नारंगी निवासी रतन मेरावी, अनिल पंद्रे, शिवप्रसाद उइके, धीरसिंग मरकाम, सुनील उइके और हीरासिंग मरकाम सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से खाल, पंजे और करेंट लगाने वाले तार जब्त किए गए। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। तीन को दिए गए नोटिस
इस मामले में वन विकास निगम लामता परियोजना के संभागीय प्रबंधक सुंदर निवेदन एम ने परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी अजय कामड़े, डिप्टी रेंजर चुरन मड़ावी और बीटगार्ड अमर सिंह पंद्रे को नोटिस जारी कर उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। दस दिन में चार वन्यजीवों की मौत