समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में रक्षाबंधन पर बाजार गुलजार:कार्टून-म्यूजिक वाली राखियां बच्चों की पसंद, धार्मिक डिजाइन भी छाए, मिठाई और गिफ्ट की खरीदारी भी शुरू
धमतरी में रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गोलबाजार में रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों से दुकानें सज गई हैं। बहनें बड़ी संख्या में बाजार पहुंचकर भाइयों के लिए उनकी पसंद की राखियां खरीद रही हैं। इस बार बच्चों से लेकर युवाओं और बड़ों तक की पसंद को ध्यान में रखते हुए राखियों की अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध है। कार्टून और म्यूजिकल राखियां बच्चों की पसंद बाजार में बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, म्यूजिकल और लाइट वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खरीदारी के लिए पहुंच रहे बच्चे अपनी पसंद के कार्टून और डिजाइन वाली राखियां चुनते नजर आ रहे हैं। वहीं युवाओं और बड़ों के लिए चंदन, रुद्राक्ष और धार्मिक प्रतीकों वाली पारंपरिक राखियों की अच्छी रेंज है। मोती और नग से सजी राखियां भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट की खरीदारी राखी के साथ भाइयों के लिए उपहार और मिठाई खरीदने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। दुकानदारों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन से एक-दो दिन पहले बाजार में खरीदारों की संख्या और बढ़ेगी। बाजार में राखी खरीदने पहुंची बहनों ने बताया कि वे हर साल अपने भाइयों के लिए उनकी पसंद के अनुसार राखियां खरीदती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार महंगाई बढ़ी है, लेकिन त्योहार का उत्साह कम नहीं हुआ है। कई बहनें घर पर गुड़ की मिठाई बनाकर भाइयों को खिलाने की तैयारी कर रही हैं। रक्षाबंधन को लेकर गोलबाजार में त्योहारी माहौल है और दुकानदार भी अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं।