समाचार · झारखंड
गुमला में भारतमाला कैंप पर फायरिंग, कर्मचारी बाल-बाल बचा; हमलावर फरार

गुमला. गुमला जिले के घटगांव पंचायत के लट्ठा बरटोली गांव में भारतमाला योजना के तहत सड़क निर्माण कर रही शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप पर शनिवार रात करीब आठ बजे फायरिंग की घटना सामने आयी है. बाइक से पहुंचे दो-तीन हमलावरों ने कैंप में घुसते ही गोलीबारी शुरू कर दी. इस दौरान कैंप में मौजूद कर्मचारी गोलू बाल-बाल बच गया. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
मौके पर पहुंची पुलिस
गोलीबारी के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गयी और कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही गुमला थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और क्यूआरटी मौके पर पहुंची. हालांकि, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे.
पुलिस के अनुसार, हमलावर घाघरा की ओर से लोहरदगा की दिशा में भागे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन खेतों के बीच बनी पगडंडियों का फायदा उठाकर वे बाइक से निकल गये. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है.
दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की जानकारी
गुमला थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दो-तीन अपराधियों के कैंप में आने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोलीबारी करने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि घटना में किसी को गोली नहीं लगी है और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं. पुलिस मामले की जांच के साथ हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
कंपनी के मैनेजर ज्ञान शुक्ला ने बताया कि कुछ लोग कैंप में घुसे और आते ही गोली चलाने लगे. उनके अनुसार, इस दौरान कर्मचारी गोलू बाल-बाल बच गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया.
परसा कैंप में ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच विवाद
इधर, शिवालया कंपनी के परसा गांव स्थित कैंप में भी शनिवार को ग्रामीणों और कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद की सूचना है. बताया गया कि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर कैंप पहुंचे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गयी.
कंपनी के मैनेजर के अनुसार, घटना में चार-पांच कर्मचारी घायल हुए हैं. इनमें अनुज को गंभीर चोट लगी है और उसका हाथ टूट गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है. अन्य घायल कर्मचारियों का भी इलाज कराया जा रहा है. पुलिस दोनों घटनाओं की जानकारी जुटा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के आसपास भी जांच कर रही है.