समाचार · उत्तर प्रदेश
Varanasi Traffic Diversion: एयर शो और PM मोदी के दौरे पर बदले रूट, कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जानें नए रूट

Varanasi Traffic Diversion: वाराणसी में एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए रविवार को शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. नमो घाट और आसपास के इलाकों में जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई है, जबकि कुछ मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है. ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ सकता है. घर से निकलने से पहले नया ट्रैफिक प्लान जानना जरूरी है.
दो से पांच किलोमीटर तक पैदल चलने की नौबत
एयर शो देखने के लिए नमो घाट और आसपास के घाटों तक पहुंचना आसान नहीं होगा. रास्तों पर रोक और रूट डायवर्जन के कारण लोगों को अपने वाहन दूर खड़े करके दो से पांच किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ सकता है. शनिवार को एयर शो समाप्त होने के बाद भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा था. करीब दो घंटे तक मछोदरी, मैदागिन, कबीरचौरा, गोलगड्डा और चौकाघाट समेत कई इलाकों में वाहन फंसे रहे. तेज धूप के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई.
इन रास्तों पर जाने से बचें
पांडेयपुर से चौकाघाट होते हुए नमो घाट जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी. इस ओर जाने के लिए लोग तेलियाबाग से जगतगंज की तरफ जा सकते हैं. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पीछे वाले गेट की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों को रोका गया है. मछोदरी पुलिस चौकी के पास बैरिकेडिंग की गई है. इसके अलावा कैंट ओवरब्रिज और महमूरगंज आरओबी पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
बड़े वाहनों के लिए अलग रास्ते तय
रविवार सुबह आठ बजे से अंतरजनपदीय बड़े वाहनों के लिए ट्रैफिक प्लान लागू होगा. मालवाहक वाहन, बसें और टेम्पो ट्रैवलर या अर्बेनिया बसें रिंग रोड और एनएच-19 से चलेंगी. बस से आने वाले यात्री आगे जाने के लिए ऑटो, ई-रिक्शा या सिटी बस का इस्तेमाल कर सकेंगे. मिर्जापुर से आने वाले बड़े वाहनों को औराई और भदोही के रास्ते चलाया जाएगा. एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को शहर में आने-जाने की अनुमति रहेगी.
राजघाट पुल पर सुबह नौ बजे के बाद रोक
राजघाट पुल पर रविवार सुबह नौ बजे के बाद वाहनों के साथ पैदल आने-जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा. सामने घाट पुल से केवल दोपहिया वाहनों और पैदल लोगों को आने-जाने की अनुमति दी जाएगी. वहीं, रिंग रोड पुल और विश्वसुंदरी पुल से सभी प्रकार के वाहन गुजर सकेंगे. लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर ले लें, ताकि जाम और रास्ते बंद होने के कारण परेशानी न हो.
सवारी वाहनों के लिए तय किए गए रास्ते
सवारी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं. इनमें संदहा, आशापुर, कालीमाता मंदिर, पांडेयपुर चौराहा, लमही और आजमगढ़ अंडरपास का रास्ता शामिल है. दूसरा मार्ग हरहुआ, गिलट बाजार, सेंट्रल जेल, इमलिया घाट और कैंट स्टेशन के सेकेंड एंट्री गेट से होकर हरहुआ तक जाएगा. सिंधौरा, टीएफसी, भोजूबीर, जेपी मेहता, आंबेडकर चौराहा, मिंट हाउस और कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ की ओर से भी निर्धारित मार्ग पर वाहन चलेंगे. कैंट स्टेशन से कैंसर हॉस्पिटल, लहरतारा, महमूरगंज, मंडुवाडीह, ककरमत्ता, भिखारीपुर, नरिया, करौंदी और चितईपुर की ओर भी तय रास्तों से आवागमन होगा.
मैदागिन से गौदोलिया और लक्सा के कुछ रास्ते बंद
ट्रैफिक प्लान के तहत मैदागिन से बुलानाला होते हुए गौदोलिया जाने वाले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा लक्सा थाने से रामापुरा तक भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. एयर शो देखने या शहर के दूसरे इलाकों में जाने वाले लोगों को इन मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना चाहिए. रूट डायवर्जन के कारण अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए जरूरी काम से निकलने वाले लोग समय से घर से निकलें.
Must Read: Varanasi Air Show: आज फिर गंगा के ऊपर गरजेंगे लड़ाकू विमान, पीएम मोदी देखेंगे एयर शो, काशी में क्या होगा खास?