Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम में रेत कंपनी के कर्मचारी पर जानलेवा हमला:लाठी-रॉड से पीटा, थाने के पास ट्रैक्टर से कुचलने कोशिश; 18 घंटे बाद दर्ज हुई FIR

INT News25 October 2026 at 07:49 am

नर्मदापुरम में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर रेत कंपनी के कर्मचारी पर हमले का मामला सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात डिवाइन सिटी कॉलोनी के पास रेत की रॉयल्टी पूछने पर विवाद हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने कर्मचारी मोहन सिकरवार पर लाठी-रॉड से हमला किया। बाद में देहात थाने के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसे कुचलने की कोशिश की गई। हमले में मोहन के दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं और छह फ्रैक्चर हुए। रॉयल्टी पूछने पर शुरू हुआ विवाद सिल्वर मिस्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी अभिमन्यु सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वह मोहन सिकरवार के साथ ओंकार गार्डन स्थित कंपनी के ऑफिस जा रहे थे। डिवाइन सिटी कॉलोनी के पास उन्हें रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली। रॉयल्टी के बारे में पूछने पर चालक जितेंद्र उर्फ कलुआ कहार ने कथित तौर पर कहा कि वे रॉयल्टी नहीं लेते। इसके बाद चालक ने किसी को फोन किया। कुछ देर बाद क्रेटा कार से आकाश पांडेय और गोविंद गौर वहां पहुंचे। अभिमन्यु के मुताबिक, आकाश रॉड और गोविंद डंडा लेकर उतरे और मोहन पर हमला कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने की कोशिश का आरोप अभिमन्यु के अनुसार, कुछ देर बाद बाइक से मोहित पासी, चंदू पासी और गोलू बरुआ भी मौके पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। मोहन जमीन पर गिर गया, जबकि अभिमन्यु अंधेरे में छिप गया। इसके बाद उसने कंपनी के दूसरे कर्मचारियों को फोन कर बुलाया। अभिमन्यु ने बताया कि बाद में वह घायल मोहन को कर्मचारी सुदेश के साथ बोलेरो में लेकर देहात थाने की ओर निकला। हरियाली तिराहे के पास थाने में रिपोर्ट करने के लिए वे गाड़ी से उतर रहे थे, तभी कलुआ ट्रैक्टर लेकर आया और बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी। आरोप है कि इससे मोहन के दोनों पैर दब गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। रात में थाने पहुंचे, बाद में दर्ज हुई FIR कंपनी के कर्मचारी घायल मोहन को लेकर रात में देहात थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करने को कहा। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज करने के बजाय उन्हें अस्पताल जाने के लिए कहा। देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि रात में फरियादी घटना की स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी जुटाने के बाद मामला स्पष्ट हुआ, जिसके बाद कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभिमन्यु सिंह की रिपोर्ट पर आकाश पांडेय, मोहित पासी, गोलू बरुआ, गोविंद गौर, कलुआ और चंदू पासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 109(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। घटना के करीब 18 घंटे बाद शनिवार शाम FIR दर्ज की गई। इसकी जानकारी पुलिस ने रात करीब 10 बजे प्रेस नोट जारी कर दी। ट्रैक्टर चालक हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश थाना प्रभारी ऊषा मरावी के मुताबिक, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक जितेंद्र उर्फ कलुआ कहार (19), निवासी ग्राम रायपुर, नर्मदापुरम को हिरासत में लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। रेत कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से बांद्राभान खदान से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर ले जाने का काम कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अलग से पुष्टि नहीं की गई है।