Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भिंड जिला अस्पताल परिसर में हवाई फायरिंग:कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, सिविल सर्जन को लगाई फटकार

INT News25 October 2026 at 07:57 am

भिंड जिला अस्पताल परिसर में देर रात बदमाशों ने विवाद के बाद अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से अस्पताल की पार्किंग और एंबुलेंस के इंतजार में खड़े लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के करीब एक घंटे के भीतर कलेक्टर पवन कुमार जैन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल की सुरक्षा में लापरवाही को लेकर उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आरके मिश्रा को फटकार लगाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विवाद के बाद बदमाशों ने की हवाई फायरिंग जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ बदमाश जिला अस्पताल की पार्किंग में पहुंचे थे। यहां उन्होंने विवाद करते हुए हंगामा किया और फिर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में मौजूद लोगों और एंबुलेंस के इंतजार में खड़े लोगों में दहशत फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में एक संदिग्ध को थाने में बैठाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को लगाई फटकार घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर पवन कुमार जैन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल परिसर और पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हवाई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आरके मिश्रा को फटकार लगाई। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।