Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Suryakumar Yadav: टीम इंडिया से बाहर, घरेलू क्रिकेट में भी नहीं मिली जगह… अब इस खेल में हाथ आजमा रहे सूर्या

INT News25 October 2026 at 07:30 am

Suryakumar Yadav: भारतीय टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों क्रिकेट से अलग एक नए खेल में हाथ आजमाते नजर आए. शनिवार को मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मुंबई फुटबॉल एरेना में आयोजित MLBx इवेंट में सूर्या ने बेसबॉल के मैदान पर अपने शॉट्स से दर्शकों का मनोरंजन किया. मेजर लीग बेसबॉल (MLB) इंडिया की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सूर्यकुमार के अलावा शार्दुल ठाकुर, जितेश शर्मा, दीपक चाहर, राधा यादव और काशवी गौतम भी शामिल हुए.

मैदान पर दिखा सूर्यकुमार यादव का जलवा

मुंबई में आयोजित MLBx इवेंट में सूर्यकुमार यादव न्यूयॉर्क यांकीज टीम का हिस्सा थे. उनके साथ अमेरिका के पूर्व बेसबॉल स्टार निक स्विशर और सॉफ्टबॉल खिलाड़ी रैचेल गार्सिया भी थीं. वहीं, भारतीय क्रिकेटर शार्दुल ठाकुर शिकागो कब्स की टीम से खेले. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शार्दुल को तीन होम रन लगाते देखा गया, जबकि सूर्या ने भी अपने शॉट्स से दर्शकों का ध्यान खींचा.

शामिल हुए कई क्रिकेटर्स

प्रतियोगिता में चार टीमें शामिल थीं. न्यूयॉर्क यांकीज की अगुवाई निक स्विशर ने की, जबकि लॉस एंजिल्स डॉजर्स में एड्रियन गोंजालेज के साथ जितेश शर्मा और सॉफ्टबॉल खिलाड़ी जॉर्डन वूलरी थीं. शिकागो कब्स में जेक अरिएटा, शार्दुल ठाकुर और राधा यादव शामिल थे. वहीं, बोस्टन रेड सॉक्स की टीम में जॉनी गोम्स, काशवी गौतम और दीपक चाहर थे. आखिरकार, न्यूयॉर्क यांकीज ने खिताब अपने नाम किया.

ये भी पढ़ें: मुंबई रणजी टीम में 19 साल के आयुष म्हात्रे को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सूर्यकुमार यादव को नहीं मिली जगह

बेसबॉल खेलने पर क्या बोले सूर्यकुमार यादव?

इवेंट के दौरान सूर्यकुमार यादव ने बेसबॉल में अच्छी हिटिंग के लिए ताकत और फिटनेस को अहम बताया.

उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से इसमें अच्छी रेंज हिटिंग सबसे जरूरी है. मैंने पहले नेट एरिया में अभ्यास भी किया था. लेकिन इसके लिए शरीर के निचले हिस्से से लेकर कोर और हाथों तक मजबूत होना जरूरी है. इन खिलाड़ियों की तरह मजबूत बनना पड़ता है. इसके लिए काफी मेहनत करनी होती है, क्योंकि कुछ भी आसानी से नहीं मिलता.'

क्या है MLBx, जिसमें क्रिकेटर आजमा रहे हाथ?

MLBx मेजर लीग बेसबॉल का तेज रफ्तार और छोटा प्रारूप है. इसमें तीन-तीन खिलाड़ियों की टीमें हिस्सा लेती हैं. यह पारंपरिक बेसबॉल मैच से अलग है और इसमें बल्लेबाजों को सीमित समय में ज्यादा से ज्यादा होम रन लगाने होते हैं. हर खिलाड़ी को दो मिनट तक बल्लेबाजी का मौका मिलता है. वहीं, विपक्षी टीम के तीन खिलाड़ी मैदान में कैच पकड़ने की कोशिश करते हैं.

होम रन लगाने और कैच पकड़ने पर अंक मिलते हैं. इसके अलावा, मैदान में तय किए गए खास लक्ष्य को पार करने वाले शॉट पर अतिरिक्त अंक मिल सकते हैं. खिलाड़ी पांच लगातार शॉट के लिए हॉट स्ट्रीक भी चुन सकता है, जिसमें बल्लेबाजी और फील्डिंग के अंक दोगुने हो जाते हैं. यही वजह है कि इस प्रारूप को बेसबॉल का ‘टी20’ भी कहा जाता है.

ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने