Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बंगाल के बाद अब भाजपा का मिशन झारखंड : नितिन नबीन

INT News25 October 2026 at 07:35 am

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि संयुक्त बिहार के समय से ही झारखंड क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है. यहां के कार्यकर्ता जिस दिन कमर कस लेंगे, उस दिन झारखंड में भाजपा को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकेगा. भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन सत्र में श्री नबीन ने पश्चिम बंगाल और बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष करना नहीं छोड़ा.

झारखंड में भाजपा विस्तार का लक्ष्य

पश्चिम बंगाल में पार्टी के विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं ने बड़ी कीमत चुकायी. कई लोगों ने अपने परिवार और सम्मान को खोया, लेकिन अपने संकल्प से पीछे नहीं हटे. बिहार में भी पार्टी ने संघर्ष के बल पर अपनी स्थिति मजबूत की. उन्होंने कहा कि अब झारखंड को भाजपा के पक्ष में खड़ा करना हमारे कार्यकर्ताओं का मिशन होगा. उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और हेमंत सरकार की विफलताओं को लेकर जनता के बीच जाना होगा. पार्टी के कार्यक्रम ऐसे होने चाहिए, जो लोगों को सीधे संगठन से जोड़ें. भाजपा के कार्यकर्ता पार्ट टाइम राजनीति नहीं करते, बल्कि 24 घंटे और सातों दिन जनता की सेवा में लगे रहते हैं. कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने की. बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मंच पर मौजूद थे. इनके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन और मधु कोड़ा मौजूद थे.

युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष का आह्वान

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर संघर्ष करने की जरूरत बतायी. उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को चुनाव तक सीमित नहीं रखा जा सकता. चुनाव में पीछे रहने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनी लड़ाई जारी रखनी होगी. जनता की आवाज बनकर स्थानीय मुद्दों पर मंडल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक संघर्ष करना होगा.

इसे भी पढ़ें: झुमरी तिलैया में नहीं बजते फरमाइशी गीत, जुदाई की टीस लिये कोडरमा स्टेशन पर जुट रहे प्रवासी मजदूर

जिलाध्यक्षों से लिया फीडबैक

कार्यसमिति की बैठक से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की. उन्होंने संगठन की जमीनी हकीकत का फीडबैक लिया और संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें: झारखंड भाजपा कार्यकर्ताओं को नितिन नबीन का मंत्र, बोले- पार्टी को सत्ता में लाने के लिए बनाएं मिशन