समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में सहकारी समिति प्रबंधक पर EOW की दो FIR:12 घंटे की जांच में 92.16 लाख की संपत्ति मिली; यह आय से 426% ज्यादा
सतना जिले के नागौद ब्लॉक की सेवा सहकारी समिति अमकुई के प्रभारी प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह बघेल पर शनिवार देर शाम EOW रीवा ने दो FIR दर्ज की हैं। उन पर आय से अधिक संपत्ति और खाद वितरण में कालाबाजारी का आरोप है। शनिवार को EOW टीम ने सिजहटी स्थित उनके घर पर 12 घंटे जांच की, जिसमें 92.16 लाख रुपए की संपत्ति का खुलासा हुआ। यह उनकी वैध आय से 426 प्रतिशत ज्यादा है। EOW एसपी अरविंद सिंह ठाकुर के मुताबिक, बघेल 2006 में विक्रेता और 2020 में प्रभारी प्रबंधक बने थे। जनवरी 2007 से सितंबर 2025 तक उनकी वैध आय 17.51 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में 57.68 लाख रुपए का खर्च, 22.50 लाख के भूमि दस्तावेज और 11.97 लाख के सोने के गहने मिले हैं। 92.16 लाख रुपए की संपत्ति मिली
नागौद में 2200 वर्गफीट का मकान, कार, ट्रैक्टर और दो बाइक भी सामने आईं। बेटे की दिल्ली में पढ़ाई पर भी लाखों खर्च हुए हैं। कुल 92.16 लाख रुपए की संपत्ति मिली है। उनके छह बैंक खातों और बीमा पॉलिसियों की जांच जारी है। EOW ने खाद वितरण में गड़बड़ी पर भी FIR दर्ज की है। आरोप है कि अमकुई समिति में 194 किसानों के साथ 122 फर्जी किसानों के नाम पीओएस मशीन में दर्ज कर खाद की कालाबाजारी की गई। जांच एजेंसी के अनुसार, वास्तविक किसानों के परमिट और रसीदों की कार्बन प्रतियों में काट-छांट कर 10 से 20 बोरी यूरिया और डीएपी अतिरिक्त दर्ज किया गया। इसके जरिए ऋण समायोजन कराया गया और फर्जी स्टॉक रजिस्टर तैयार करने का भी आरोप है। EOW दोनों मामलों की जांच कर रही है।