समाचार · मध्य प्रदेश
FDDI और तात्या टोपे यूनिवर्सिटी के बीच हुआ MOU:स्किल डेवलपमेंट, रिसर्च और फैशन-फुटवियर डिजाइनिंग पर रहेगा फोकस, भविष्य के लिए नए अवसर मिलेंगे
गुना में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) और क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसर उपलब्ध कराना है। कौशल विकास और प्रशिक्षण पर रहेगा जोर एमओयू के तहत दोनों संस्थान फुटवियर एवं फैशन डिजाइन प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, शोध, नवाचार और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करेंगे। विद्यार्थियों और शोधार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ व्यावहारिक अनुभव देने की दिशा में भी काम किया जाएगा। दोनों संस्थान आपसी सहमति से संयुक्त कार्यशालाएं, संगोष्ठियां, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शोध परियोजनाएं और औद्योगिक भ्रमण आयोजित कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों को समझने और अपने विषय से जुड़े व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समझौता एमओयू पर FDDI गुना की कार्यकारी निदेशक मंजु मन और विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. किशन यादव, सहायक कुलसचिव डॉ. पवन साहू और डॉ. श्रुति त्रिपाठी, केंद्र प्रभारी जितेंद्र गुप्ता, डॉ. प्रदीप कुमार मंडल, राहुल कुमार पांडेय, मनोज कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस साझेदारी से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके तहत सभी सहयोगात्मक गतिविधियां आपसी सहमति और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार संचालित की जाएंगी।