समाचार · मध्य प्रदेश
युवक पर धमकी देकर नाबालिग से शादी करने का आरोप:नाबालिग बोली- सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान; हिंदू संगठन की मदद से केस दर्ज
दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने एक युवक पर डरा-धमकाकर शादी करने का आरोप लगाया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं की मदद से शुक्रवार शाम आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने बताया कि नाबालिग लड़की अपने परिजनों के साथ उनके पास आई थी। लड़की ने आरोप लगाया कि युवक ने सोशल मीडिया के जरिए उससे दोस्ती की, उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी के लिए दबाव बनाया। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। लड़की ने पहले अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया और फिर विहिप कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। इसके बाद विहिप की मदद से कोतवाली में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। संगठन ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच के आधार पर होगी कार्रवाई सीएसपी एचआर पांडे ने जानकारी दी कि अतीक खान नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।