समाचार · मध्य प्रदेश
सुसाइड से पहले बोला-पिता की इज्जत खराब करवा दी:स्क्रैप के 3 बोरे गायब होने के विवाद में बनाए 2 वीडियो, पुलिस पर नहीं सुनने का आरोप लगाया
गंजबासौदा में 20 वर्षीय अभिषेक यादव ने ट्रेन से कटने से पहले 2 वीडियो बनाए थे। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो में उसने कहा कि उसके पिता की बाजार में इज्जत खराब करवा दी। अभिषेक ने चेतन और हसन पर झूठा आरोप लगाकर एफआईआर कराने की बात कही। उसने पुलिस पर भी उसकी शिकायत नहीं सुनने और बिना जांच कार्रवाई करने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने कहा कि वह अपनी जान देने जा रहा है और संबंधित लोगों को सजा मिलनी चाहिए। जीआरपी चौकी प्रभारी राजेंद्र कौल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर सामने आए तथ्यों के अनुसार कार्रवाई होगी। वीडियो में बोला- कैमरे और टोल टैक्स के रिकॉर्ड देखे जाएं पहले वीडियो में अभिषेक ने कहा कि उसने पूरे होश-ओ-हवास में यह वीडियो बनाया है। उसका आरोप था कि पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। हसन पक्ष के कैमरे नहीं दिखवाए और टोल टैक्स के रिकॉर्ड की जांच भी नहीं कराई। उसने कहा कि पहले उसे मारा गया, फिर थाने में बंद किया और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। दूसरे वीडियो में अभिषेक ने पिता की इज्जत खराब होने की बात कही। उसने कहा कि चेतन और हसन के कहने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि उनके कैमरे और टोल टैक्स के रिकॉर्ड नहीं देखे गए। उसने आरोप लगाया कि उसे थाने में बंद किया गया और मारा भी गया। वीडियो के आखिर में उसने संबंधित लोगों को सजा दिलाने की मांग की। स्क्रैप के 3 बोरे गायब होने पर हुआ था विवाद तिरंगा चौक निवासी अभिषेक, मलखान यादव का बेटा था। वह ट्रक पर काम करता था। जानकारी के अनुसार, चेतन और हसन ने भोपाल के लिए स्क्रैप के 11 बोरे भेजे थे। उनका आरोप था कि इनमें से 3 बोरे गायब हो गए। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। 1 नवंबर को शाम करीब 6 बजे अभिषेक ट्रेन से टकरा गया था। जीआरपी के मुताबिक, वह मिडिल लाइन पर ट्रेन से टकराया था। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसकी पहचान की।