समाचार · हरियाणा
कनाडा में झील में डूबा फतेहाबाद का युवक, मौत:दोस्तों के साथ बोटिंग करने गया; बीटेक फाइनल ईयर का स्टूडेंट था
फतेहाबाद शहर के लाजपत नगर निवासी 23 वर्षीय कमल सोनी की कनाडा में झील में बोटिंग के दौरान डूबने से मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, कमल पुत्र राकेश कुमार सोनी 28 दिसंबर 2023 को उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। वह ऑन्टारियो प्रांत में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 3 जुलाई 2026 को दोस्तों के साथ लेक पर बोटिंग के दौरान वह पानी में डूब गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद कनाडा में स्थानीय प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था कमल के पिता राकेश कुमार शहर में ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं। परिवार में 21 वर्षीय छोटा भाई है, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि दो बड़ी बहनें भी हैं। बेटे की असमय मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अब कमल के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।