समाचार · उत्तर प्रदेश
चलती पद्मावत एक्सप्रेस में गूंजी नवजात की किलकारी, महिला यात्री और RPF जवान ने चलती ट्रेन में कराई डिलीवरी

UP News: उत्तर प्रदेश के अमेठी में मंगलवार देर रात पद्मावत एक्सप्रेस में एक ऐसा यादगार पल देखने को मिला, जब चलती ट्रेन में अचानक एक महिला की प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही निर्मला की हालत बिगड़ती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन एक महिला सहयात्री और RPF की महिला सिपाही ने हिम्मत और सूझबूझ से जिम्मेदारी संभाली. दोनों की मदद से ट्रेन के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और बुधवार तड़के करीब 1:05 बजे नवजात की किलकारी गूंज उठी. स्टेशन पहुंचने पर मां और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई है.
दिल्ली से प्रतापगढ़ लौट रही थी निर्मला
जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा की रहने वाली निर्मला दिल्ली से पद्मावत एक्सप्रेस में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं. सफर के दौरान अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. दर्द बढ़ने पर उनकी हालत बिगड़ती देख आसपास बैठे यात्रियों ने मदद के लिए आवाज लगाई. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एक महिला यात्री आगे आई और प्रसव में सहयोग करना शुरू कर दिया.
महिला यात्री और RPF जवान ने संभाली जिम्मेदारी
महिला की हालत की जानकारी मिलते ही ट्रेन में ड्यूटी कर रही RPF की महिला सिपाही भी मौके पर पहुंच गई. दोनों ने हिम्मत और समझदारी से हालात संभाले. ट्रेन के भीतर ही प्रसव की व्यवस्था की गई और कुछ ही देर में महिला ने बच्चे को जन्म दिया. बुधवार तड़के करीब 1 बजकर 5 मिनट पर हुए इस प्रसव के बाद मां और नवजात को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी गई.
अमेठी स्टेशन पर पहले से मौजूद रही स्वास्थ्य टीम
ट्रेन के अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई थी. स्टेशन पर एंबुलेंस और चिकित्सा टीम तैनात रही. ट्रेन रुकते ही RPF के सहयोग से प्रसूता को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां चिकित्सक डॉ. प्रीती सिंह ने महिला और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया.
जच्चा-बच्चा की हालत ठीक, चिकित्सकीय निगरानी में रखा
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि प्रसव की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को अमेठी रेलवे स्टेशन भेज दिया गया था. महिला और नवजात को एंबुलेंस से सीएचसी लाकर उनकी जांच कराई गई. दोनों की हालत सामान्य और स्वस्थ है. एहतियात के तौर पर मां और बच्चे को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है तथा जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
Also Read: Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में मयूर, छऊ और घूमर का संगम, कई राज्यों के कलाकार बिखेरेंगे लोकसंस्कृति के रंग