समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में धीरेद्र कृष्ण शास्त्री के बयान का विरोध:यादव समाज ने प्रदर्शन कर जलाया पुतला, बोले- ऐसे संतों की कथाओं पर लगे प्रतिबंध
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को सागर में कथित टिप्पणी के विरोध में यादव समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। दरअसल, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान के बाद यादव समाज में नाराजगी है। समाज के लोगों ने बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सागर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। बाबू सिंह यादव बोले- ऐसे संतों की कथाओं पर प्रतिबंध लगना चाहिए प्रदर्शन के दौरान बाबू सिंह यादव ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अक्सर विवादित बयान देते रहते हैं। उन्होंने अपने बयानों से सिद्ध कर दिया है कि उन्हें ज्ञान नहीं है। कुछ संत पार्टियों के एजेंट बनकर काम कर रहे हैं। ऐसे संतों की कथाओं पर प्रतिबंध लगना चाहिए।