Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें::आप MLA के ठिकानों पर रेड; पूर्व मंत्री की बेटी की शादी में पहुंचे PM मोदी; राहुल गांधी बोले- यहां कत्ल फैशन बना

INT News4 November 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस की इंसाफ रैली से जुड़ी रही। रैली से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को घेरते हुए नशे और क्राइम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जैसे सिद्धू मूसेवाला को मारा गया, वैसे ही अब पंजाब में कत्ल करना फैशन बन गया है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. राहुल गांधी बोले- पंजाब में कत्ल करना फैशन बना, PM मोदी देशद्रोही पंजाब के संगरूर में आज कांग्रेस की इंसाफ रैली हुई। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं। वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इशारे पर काम कर रहे हैं। इस दौरान वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को स्टेज पर लाए। राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में एक फैशन बन गया है। पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है। भगवंत मान जब लोकसभा आते थे तो हमें चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में वोट चोरी हुई है और कई जगह वोट चोरों की सरकार चल रही है। उन्होंने दिल्ली में बैठी सरकार वोट चोरों की सरकार है। (पूरी खबर पढ़ें) 2. 8 लाख मुलाजिमों-पेंशनर्स का DA 3% बढ़ा पंजाब सरकार ने सरकारी मुलाजिमों के DA में 3% की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ा DA दिसंबर की सेलरी से मिलेगा। इसका लाभ 8 लाख सरकारी मुलाजिमों-पेंशनर्स को मिलेगा। CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में इसकी घोषणा की। सरकार के इस फैसले से मुलाजिमों का DA बढ़कर अब 53% हो गया है। सीएम मान ने कहा- नवंबर महीने के वेतन में बढ़े हुए DA का लाभ जुड़ेगा, जबकि दिसंबर में मिलने वाली पेंशन में भी बढ़ा हुआ DA शामिल होगा। इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को 363 करोड़ रुपए का लाभ मिलेगा। CM ने कहा कि 2022 में जब सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब कर्मचारियों को 28% DA मिल रहा था। जिसके बाद इसमें बढ़ोतरी होती गई। जब सितंबर 2026 में DA में 8% बढ़ोतरी की गई तो यह 42% से बढ़कर 50% हो गया था। (पूरी खबर पढ़ें) 3. झोटा हत्याकांड में 1200 युवकों पर FIR मानसा में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। मानसा पुलिस ने केमिस्ट शॉप तोड़ने के मामले में 1,200 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, बुधवार को मानसा पुलिस ने स्टोर मालिक अश्विनी कुमार की तोड़ी गई दुकान का मलबा हटाना शुरू कर दिया। CBI टीम और पुलिस अधिकारी जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि मौके से सबूत जुटाए जा सकें। मानसा पुलिस ने मंगलवार को हाईकोर्ट में मामले को लेकर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। इस दौरान पुलिस ने बताया कि युवकों के खिलाफ 15 अक्टूबर को ही मामला दर्ज कर लिया गया था। वहीं परिवार अभी तक अंतिम संस्कार को राजी नहीं हुआ है। बता दें कि 13 अक्टूबर 2026 को मानसा में परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार मुख्य आरोपी है। (पूरी खबर पढ़ें) 4. महिला AAP विधायक पर ED रेड पंजाब की मोगा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर बुधवार सुबह ED ने रेड की है। दिल्ली और चंडीगढ़ से ED की टीमें जांच के लिए पहुंची हैं। टीम उनके मोगा स्थित घर और मोगा-लुधियाना रोड पर आइकन फ्लैटों की तलाशी ले रही है। इस कार्रवाई के दौरान CRPF ने घेरा डाल रखा है। पंजाब पुलिस को भी उससे बाहर ही रोक दिया गया है। वहीं घर-फ्लैट के बाद टीमें लुधियाना में उनके ननिहाल पहुंची। डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को 3 दिन पहले ही AAP ने 2027 के पंजाब चुनाव के लिए दोबारा टिकट दी थी। अमनदीप पंजाब में AAP की महिला विंग की प्रधान भी हैं। वहीं अमनदीप पर रेड का पता चलते ही उनके समर्थक भड़क गए। उन्होंने विधायक के घर के बाहर इकट्‌ठा होकर ED के खिलाफ घर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हालांकि अभी ईडी रेड की वजह सामने नहीं आई है। मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज और शहरी प्रधान प्रेम चंद चक्कीवाला ने आरोप लगाया कि विधायक पर भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला जा रहा है। (पूरी खबर पढ़ें) 5. कनाडा में कैब में पंजाबी ने यौन उत्पीड़न किया कनाडा के टोरंटो में हैलोवीन की रात एक पंजाबी राइडशेयर ड्राइवर ने महिला यात्री को बंधक बनाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटनाडाउनटाउन टोरंटो में हुई। महिला योंग स्ट्रीट और वेलेस्ली स्ट्रीट ईस्ट के चौराहे के पास राइडशेयर गाड़ी में सवार हुई थी। आरोपी ब्रैम्पटन का रहने वाला है। पुलिस को आशंका है कि वह इससे पहले भी अन्य महिला यात्रियों को निशाना बना चुका हो सकता है। अपने डेस्टिनेशन पर पहुंचने के बाद जब महिला ने गाड़ी से उतरने की कोशिश की तो आरोपी ने दरवाजे लॉक कर दिए और उसे अंदर ही बंधक बनाकर रखा। (पूरी खबर पढ़ें) 6. पंजाब के पूर्व मंत्री की बेटी की शादी, PM पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया के विवाह समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों समेत कई नेताओं ने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। समारोह का आयोजन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी जय इंदर कौर के लुटियंस दिल्ली स्थित निजी आवास पर मंगलवार को हुआ। रिया बादल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. करण सिंह के पोते आर.के. मार्तंड सिंह के साथ शादी की। (पूरी खबर पढ़ें) 7. लुधियाना में युवक ने बस ड्राइवर पर पिस्तौल तानी लुधियाना के ढोलेवाल इलाके में बस ड्राइवर और एक सवारी के बीच शुरू हुई बहसबाजी मारपीट में बदल गई। इसके बाद सवारी के बुलाने पर मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने बस ड्राइवर पर पिस्तौल तान दी। ड्राइवर ने लोगों की मदद से आरोपी को काबू कर लिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने PCR को सूचना दी। PCR जोन नंबर-5 के मुलाजिम शक्ति कुमार ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से पिस्तौल बरामद की और उसे थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, घटना ढोलेवाल स्थित गुलजार पंप के नजदीक गुरु गोबिंद सिंह टावर के सामने बुधवार सुबह 8 बजे की है। एक सवारी ने बस ड्राइवर से उसे बालू मंडी, जमालपुर छोड़ने के लिए कहा। इस पर ड्राइवर ने उसे बताया कि प्रशासन की ओर से बस को केवल ढोलेवाल तक चलाने की मंजूरी है और वह इससे आगे नहीं जा सकते। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। (पूरी खबर पढ़ें) 8. LPU प्रोटेस्ट मामले में पंजाब सरकार को हाईकोर्ट का अल्टीमेटम पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) से जुड़े प्रोटेस्ट मामले में आज पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। कोर्ट ने पंजाब सरकार को 72 घंटे के भीतर मामले की जांच से जुड़ी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपने के निर्देश दिए हैं। वहीं, केंद्र सरकार को रिपोर्ट मिलने के 7 दिन के भीतर फैसला करना होगा कि मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी जाए या नहीं। बुधवार को मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति रोहित कपूर की खंडपीठ ने यह आदेश एलपीयू के छात्र रवि राज की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। याचिका में विश्वविद्यालय से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से करवाने की मांग की गई है। (पूरी खबर पढ़ें) 9. पानी की टंकी से मिला छात्रा का शव बठिंडा के जोगर पार्क में वाटर वर्क्स की टंकी से 19 वर्षीय छात्रा का शव मिला। उसकी पहचान बाबा फरीद कॉलेज की छात्रा पिंदर कौर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की सूचना पर नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के वालंटियर राजविंदर धालीवाल, यादविंदर कंग, साहिब सिंह और ललित जिंदल मौके पर पहुंचे। शव पानी में औंधे मुंह पड़ा था। उन्होंने उसे बाहर निकाला। शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। थाना थर्मल पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद संस्था की मदद से शव सिविल अस्पताल पहुंचाया। कुछ घंटे बाद उसकी पहचान पिंदर कौर (19) निवासी गांव किल्ली निहाल सिंह वाला के रूप में हुई। परिवार ने बताया कि पिंदर बाबा फरीद कॉलेज में पढ़ती थी और गांव भागु में अपनी बुआ के पास रुकी हुई थी। सोमवार सुबह वह बस से बठिंडा के लिए रवाना हुई थी। (पूरी खबर पढ़ें) खबर हटके सरकारी लेडी टीचर की बहादुरी का VIDEO, स्नैचरों का पीछा किया लुधियाना के दुगरी इलाके में एक सरकारी स्कूल की महिला टीचर ने स्नैचिंग की कोशिश के दौरान हिम्मत दिखाते हुए बाइक सवार बदमाश का पीछा किया। महिला ने बदमाश को आसानी से भागने नहीं दिया। एक बार तो महिला ने बदमाश से अपना पर्स वापस छीन लिया, लेकिन आरोपी दातर लेकर दोबारा उसके सामने आ गया। उसने महिला पर दातर से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ पर चोट आई। इसके बाद आरोपी उसका पर्स छीनकर फरार हो गया। पूरी घटना के दौरान महिला की 13 वर्षीय बेटी भी उसके साथ मौजूद थी। वारदात 3 नवंबर की दोपहर करीब 3:45 बजे दुगरी के 200 फुट रोड स्थित फ्लावर एन्क्लेव में रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के बाहर हुई। घटना का सीसीटीवी सामने आया है। पीड़ित महिला की पहचान गुरप्रीत कौर पत्नी सुखविंदर सिंह सोनी के रूप में हुई है। वह मिलरगंज स्थित सरकारी स्कूल में टीचर हैं। (पूरी खबर पढ़ें) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)