entertainment
Bigg Boss 20 'आई लव यू मम्मा...' 60 दिन बाद घर से आया बच्चों का मैसेज; सुन फफक पड़ीं माही विज

Bigg Boss 20 : चारदीवारी के भीतर दो महीने का लंबा वक्त और अपनों से पूरी तरह दूरी... का दर्द बिग बॉस 20 में अब दिखने लगा है. 'बिग बॉस' के घर में जब कोई कंटेस्टेंट अपने परिवार की आवाज सुनता है, तो दिल के सारे बांध टूट जाते हैं. इस हफ्ते दिवाली के खास मौके पर कुछ ऐसा ही भावुक मंजर देखने को मिला, जब टीवी एक्ट्रेस माही विज अपने बच्चों का ऑडियो मैसेज सुनते ही फूट-फूटकर रोने लगीं.
दिवाली के मौके पर बिग बॉस ने घरवालों को शानदार तोहफा देते हुए उनके परिवारों की तरफ से आए वीडियो, ऑडियो मैसेज और तस्वीरें भेजीं. शो के इस एपिसोड में माही विज, स्काउट ओपी, अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे के घरों से संदेशे आए, लेकिन माही का पल सबसे ज्यादा रुला देने वाला था.
स्काउट के लिए लव ने कुर्बान की लाइफलाइन
एपिसोड की शुरुआत स्काउट ओपी के घर से आए मैसेज से हुई. स्काउट यह मैसेज सुन पाएंगे या नहीं, इसका फैसला लव गिल के हाथ में था. लव ने खेल की परवाह किए बिना अपनी एक लाइफलाइन गंवाई और स्काउट को उनके परिवार व दोस्त काश्वी का हौसला बढ़ाने वाला संदेश सुनने दिया.
काजी ने सताया, फिर पिघला दिल
इसके बाद बारी आई माही विज की. उनके बच्चों - तारा, खुशी और राजवीर ने अपनी मां के लिए प्यारा सा ऑडियो भेजा था. लेकिन इसे सुनाने का फैसला काजी तौकीर के हाथ में था. काजी ने शुरुआत में माही को थोड़ा परेशान किया, जिससे माही की बेचैनी बढ़ गई. हालांकि, एक मां के आंसुओं को देखकर काजी का दिल पसीज गया और उन्होंने ऑडियो प्ले करने की इजाजत दे दी.
View on Instagram
तारा की आवाज सुनते ही बेहाल हुईं माही
जैसे ही स्पीकर पर नन्हीं तारा की आवाज में "मम्मा..." गूंजा, माही खुद को संभाल नहीं पाईं. 60 दिनों से बच्चों से दूर रह रहीं माही जमीन पर बैठकर फफक पड़ीं. तीनों बच्चों की चहकती आवाज और फैमिली फोटो देखकर घर में मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स की आंखें भी नम हो गईं.
मुश्किल वक्त के बाद मिली नई हिम्मत
इससे ठीक पहले वाले एपिसोड में माही काफी आहत थीं. लव गिल की मां ने पंजाबी में माही पर तल्ख टिप्पणियां की थीं, जिसे सुनकर माही को लगा कि बाहर उनके खिलाफ गलत नैरेटिव गढ़ा जा रहा है. वह इस कदर टूट गई थीं कि शो छोड़ने की जिद करने लगीं, जिसके बाद बिग बॉस ने कन्फेशन रूम में बुलाकर उन्हें समझाया था. उस गहरे तनाव के बाद बच्चों की इस मासूम आवाज ने माही को घर में डटे रहने का नया हौसला दे दिया है.
ये भी पढ़ें: 'मैं यहां तू वहां...जिंदगी है कहां' ये लाइन सुनते ही रो पड़े थे B.R. Chopra; पत्नी के गुजर जाने के बाद सुना था 'बागबान' का ये गाना