Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायपुर में भीम आर्मी के अध्यक्ष समेत 11 पर FIR...VIDEO:छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में सड़क में बैठे, प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए

INT News6 November 2026 at 12:41 am

राजधानी रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन करना भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। ओसीएम चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की। सड़क जाम होने से आम लोगों के साथ एंबुलेंस और स्कूल बसें भी घंटों फंसी रहीं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में भीम आर्मी के बैनर तले करीब 100 से 150 कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करने निकले थे। इस दौरान वे ओसीएम चौक पहुंचे और मुख्य मार्ग पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंसीं प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मरीजों को लेकर अस्पताल जा रही एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को घर छोड़ने वाली बसें भी जाम में फंस गईं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर से प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाने के लिए कहा गया, लेकिन कार्यकर्ता सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष भी आरोपी पुलिस की समझाइश के बाद भी रास्ता नहीं खोलने पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा, युवराज ढीढी समेत 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।