Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Asian Para Games 2026: पीएम मोदी ने पैरा एथलीटों से की मुलाकात, बोले- आपकी सफलता हर भारतीय के लिए प्रेरणा

INT News6 November 2026 at 12:10 am

Asian Para Games 2026: पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई दी और उनकी मेहनत, संघर्ष तथा उपलब्धियों की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय पैरा एथलीटों ने सिर्फ मेडल ही नहीं जीते, बल्कि देश के करोड़ों लोगों का दिल भी जीता है. उन्होंने खिलाड़ियों से इस सफलता को अगले बड़े लक्ष्य यानी 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक की तैयारी का आधार बनाने की अपील की.

View on Instagram

भारत ने जीते कुल 114 पदक इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की तारीफ की. भारत ने प्रतियोगिता में कुल 114 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया. देश के 97 पैरा एथलीटों ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक अपने नाम किए.

'आपकी उपलब्धियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं'

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका प्रदर्शन दिखाता है कि भारत खेलों की दुनिया में एक बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है. उन्होंने कहा, 'आपने केवल पदक नहीं जीते हैं, बल्कि लाखों भारतीयों का दिल भी जीता है. आपके संघर्ष और उपलब्धियां हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं.'

मोदी ने कहा कि पहले कई माता-पिता अपने बच्चों को खेल में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने से हिचकिचाते थे. उन्हें लगता था कि व्यवस्था प्रतिभाओं को पर्याप्त सहयोग नहीं देती. लेकिन खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखा. अब देश भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.

ये भी पढ़ें: Asian Para Games 2026: भारत ने रचा इतिहास, 114 पदकों के साथ अभियान का किया शानदार अंत

14 से 114 पदक तक पहुंचा भारत का सफर

प्रधानमंत्री ने पैरा खेलों में भारत की प्रगति का जिक्र करते हुए 2010 और 2026 के प्रदर्शन की तुलना की. उन्होंने बताया कि 2010 के एशियन पैरा गेम्स में भारत ने केवल 14 पदक जीते थे, जिनमें एक स्वर्ण शामिल था. वहीं, 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने 114 पदक जीतकर देश को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया.

इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने पांच विश्व रिकॉर्ड और नौ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए. इसके अलावा चार स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों पदक अपने नाम कर क्लीन स्वीप किया. प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लेने वाले 61 खिलाड़ियों में से 36 पदक जीतकर लौटे.

महिला खिलाड़ियों का भी शानदार प्रदर्शन

एशियन पैरा गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया. दल में शामिल 56 महिला एथलीटों में से 34 ने पदक जीते. प्रधानमंत्री ने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन से साबित होता है कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती.

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी भारतीय दल की उपलब्धियों का जिक्र किया. मोदी ने कहा कि अब देश खेलों में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है. अगर किसी खिलाड़ी में प्रतिभा है, तो भारत उसे आगे बढ़ने और अपना हुनर दिखाने का अवसर देगा.

ये भी पढ़ें: Asian Para Games 2026: भारतीय पैरा तीरंदाजों ने जीते 6 पदक, अर्जुन मुंडा ने किया स्वागत

मां को समर्पित किया था स्वर्ण पदक, पीएम मोदी ने रिंकू हुड्डा को सराहा

प्रधानमंत्री ने भाला फेंक खिलाड़ी रिंकू हुड्डा का विशेष रूप से जिक्र किया. रिंकू ने अपना स्वर्ण पदक अपनी मां को समर्पित किया था, जिनका गेम्स से कुछ महीने पहले निधन हो गया था. बचपन में एक दुर्घटना के कारण रिंकू ने अपना बायां हाथ भी गंवा दिया था.

मोदी ने रिंकू से कहा कि उनके इस भावुक कदम ने पूरे देश को भावुक कर दिया. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए तीरंदाजी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों में भारत की बढ़ती प्रतिस्पर्धा का भी उल्लेख किया.

2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक पर अब भारत की नजर

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से कहा कि एशियन पैरा गेम्स की सफलता को भविष्य के बड़े लक्ष्य की शुरुआत बनाएं. उन्होंने 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स पैरालंपिक का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की कोशिश होगी कि वहां ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लें और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतें.

मोदी ने खेलों के विकास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि खेल उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की योजना पर काम किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ICC अवॉर्ड की रेस में ये खिलाड़ी शामिल, इन 5 खिलाड़ियों से होगा मुकाबला