entertainment
'Ramayana' के मुरीद हुए साउथ के दिग्गज: राजामौली ने की तारीफ, अल्लू अर्जुन बोले- 'यह फिल्म नहीं, हमारा गौरव है'
Ramayana : नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मेगा-बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है. साउथ सिनेमा के बड़े दिग्गजों ने खुलकर फिल्म और उसके कलाकारों की तारीफ की है. एसएस राजामौली से लेकर अल्लू अर्जुन तक, हर कोई फिल्म के विजन और भारतीय संस्कृति को पर्दे पर उतारने के इस प्रयास की सराहना कर रहा है.
'राम बने रणबीर शांत हैं और यश खूंखार': एसएस राजामौली
'बाहुबली' और 'आरआरआर' फेम डायरेक्टर एसएस राजामौली ने फिल्म की भव्यता और दृश्यों की खुलकर तारीफ की. सोशल मीडिया पर अपना रिव्यू शेयर करते हुए राजामौली ने लिखा:
"रामायण का स्केल और बड़े पर्दे पर इसका विजुअल अनुभव सचमुच कमाल का है. भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर (खासकर वनवास के बाद) बेहद शांत और प्रभावशाली नजर आए हैं. वहीं रावण के रोल में यश का अंदाज बेहद खूंखार है और सीता के रूप में साई पल्लवी काफी गरिमामयी लगी हैं. मुझे इसका प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स बेहद पसंद आया. इतने बड़े विजन को पर्दे पर साकार करने के लिए नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी और पूरी टीम को बधाई."
'यह सिर्फ फिल्म नहीं, हमारी संस्कृति का गौरव है': अल्लू अर्जुन
'पुष्पा' स्टार अल्लू अर्जुन ने दर्शकों से एकजुट होकर फिल्म को समर्थन देने की अपील की. उन्होंने लिखा:
"रामायण की पूरी टीम को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं.यह केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति का प्रतिनिधित्व और भारतीय सिनेमा के स्तर को ऊंचा उठाने की एक ऐतिहासिक कोशिश है.आइए हम सब मिलकर इस प्रयास का साथ दें, जो हमारी कहानियों, संस्कृति और गौरव को दुनिया के सामने लाता है. जय श्री राम."
विजय देवरकोंडा और ऋषभ शेट्टी ने भी की जमकर सराहना
तेलुगु स्टार विजय देवरकोंडा ने भरोसा जताया कि यह फिल्म ग्लोबल लेवल पर भारतीय सिनेमा की नई पहचान बनाएगी. उन्होंने कहा कि वे रणबीर, यश और साई पल्लवी को स्क्रीन पर जादू बिखेरते देखने के लिए बेहद रोमांचित हैं. वहीं 'कांतारा' फेम ऋषभ शेट्टी ने भी इसे भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि हमारी कालजयी कहानी को इतने विशाल स्तर पर जीवंत होते देखना एक अनोखा अनुभव है.
दमदार स्टारकास्ट और पार्ट 2 की तैयारी
'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता), यश (रावण) और रवि दुबे (लक्ष्मण) की मुख्य भूमिकाएं हैं. वहीं सनी देओल 'हनुमान' के किरदार में नजर आएंगे, जिनकी पूरी झलक दर्शकों को साल 2028 में रिलीज होने वाले फिल्म के दूसरे भाग में देखने को मिलेगी.
ये भी पढ़ें: 'मैं यहां तू वहां...जिंदगी है कहां' ये लाइन सुनते ही रो पड़े थे B.R. Chopra; पत्नी के गुजर जाने के बाद सुना था 'बागबान' का ये गाना