समाचार · छत्तीसगढ़
बीजापुर के ताड़ापाला जंगल में 711 BGL सेल बरामद:नक्सलियों ने छिपाकर रखा था ग्रेनेड लॉन्चर, सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन मिले विस्फोटक सामग्री
बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के ताड़ापाला FOB के पास केजी हिल्स के जंगलों से 711 BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए गए हैं। माओवादियों ने इन विस्फोटक सामग्रियों को जंगल में छिपाकर रखा था। पहले देखिए तस्वीरें सुरक्षा बलों ने चलाया सर्च ऑपरेशन पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस बीजापुर, सीआरपीएफ की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 5 नवंबर को ताड़ापाला FOB के आसपास के जंगलों में तलाशी के दौरान यह विस्फोटक सामग्री मिली। सुरक्षा बलों को FOB से करीब डेढ़ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के पास 711 BGL सेल मिले। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी विस्फोटक सामग्रियों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। कर्रेगुट्टा क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की अपील पुलिस ने आम लोगों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल नहीं जाने की अपील की है। इन इलाकों में अभी भी IED या दूसरी विस्फोटक सामग्री होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सुरक्षा के लिहाज से इन क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है। पुलिस के मुताबिक, तय योजना के तहत आगे इन इलाकों में डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बारूदी सुरंगों और दूसरी विस्फोटक सामग्री को खोजकर निष्क्रिय किया जाएगा।