Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रांची जिमखाना क्लब में दीपांजलि-2026, भक्ति गीतों और शास्त्रीय संगीत से सजी शाम

INT News5 November 2026 at 10:39 pm

रांची: रांची जिमखाना क्लब में गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ दीपांजलि-2026 का आयोजन किया गया. दिवाली से पहले आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भक्ति गीतों और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने शाम को खास बना दिया. दिल्ली से आयी टीम सर्वत्र ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, वहीं जमशेदपुर से आये तबला और सितार वादकों ने शास्त्रीय संगीत की धुनों से लोगों का मन मोह लिया. इस दौरान क्लब के सदस्य एक-दूसरे से मिलते और दिवाली की शुभकामनाएं देते नजर आये.

गणेश वंदना से हुई संगीत संध्या की शुरुआत

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दिल्ली से आयी संगीत टीम सर्वत्र की प्रस्तुति रही. टीम में हिमांशु मिश्रा (रिदम एवं वोकल), सोनम मिश्रा (वोकल), अराध्या खुराना (वोकल), अर्जुन कौशिक (तबला) और तनिष (सारंगी) शामिल थे. संगीत संध्या की शुरुआत गणेश वंदना से हुई. इसके बाद लक्ष्मी मंत्र प्रस्तुत किये गये. फिर कलाकारों ने 'श्री रामचंद्र कृपालु...', 'राम आएंगे...', 'मैंने राम रतन धन पायो...', 'शिव कैलाशो के वासी...' और 'श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी' जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. दूसरी ओर, जमशेदपुर से आये कलाकारों ने भी तबला और सितार वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया. तबला पर कार्तिके मिश्रा और सितार पर सुभाष बोस व रियोन बोस ने प्रस्तुति दी.

आकर्षक सजावट और रोशनी से सजा क्लब परिसर

दीपावली से पहले आयोजित इस कार्यक्रम के लिए रांची जिमखाना क्लब को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. परिसर में खूबसूरत सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक मंच तैयार किया गया था. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सदस्यों ने दोस्तों और परिवारजनों के साथ समय बिताया. कार्यक्रम में प्रोग्राम एंटरटेनमेंट कमेटी के संरक्षक सुमित खेमका, अध्यक्ष मोनिका अग्रवाल, आनंद धानुका, उर्वी केडिया, निधि दुबे, ऋषभ जलान और गरिमा चूड़ीवाला सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.

दोस्तों और परिवार के साथ फोटो-सेल्फी का दौर

कार्यक्रम स्थल पर कई जगह खूबसूरत सजावट के साथ फोटो और सेल्फी जोन बनाये गये थे. यहां क्लब के सदस्य अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ तस्वीरें लेते नजर आये. सभी पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे थे. लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ यादगार पलों को तस्वीरों में भी संजोया.