Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Ramgarh Encounter: हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे को लगी गोली

INT News5 November 2026 at 11:06 pm

Encounter News. उरीमारी थाना कांड संख्या 189/26 के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार संदिग्ध अंशु दुबे (22) को हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल कर दिया. उसके बायें पैर में गोली लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे पुलिस सुरक्षा में सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है.

पूछताछ के लिए लाया गया था उरीमारी ओपी

पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे को पांच नवंबर को गढ़वा थाना से पूछताछ के लिए उरीमारी ओपी लाया गया था. पूछताछ के दौरान उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और हथियार व पर्चा करमाटिलहा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची.

छिपाकर रखे हथियार से फायरिंग

पुलिस का कहना है कि बरामदगी के दौरान अंशु दुबे ने अचानक पुलिस जवानों को धक्का दिया और छिपाकर रखे हथियार से टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद थाना प्रभारी रथू उरांव ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशु दुबे के बायें पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 7.62 एमएम के दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है.

दीपावली में उरीमारी में वारदात की थी योजना

थाना प्रभारी रथू उरांव ने बताया कि 26 अक्तूबर को न्यू बिरसा सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी में राहुल दुबे गैंग ने गोलीबारी की थी. इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड को पांच गोलियां लगी थीं. घटनास्थल के गेट के पास एक पर्चा भी फेंका गया था, जिसमें झामुमो नेता सोनाराम मांझी और संजय करमाली को जान से मारने की धमकी दी गयी थी. इस घटना के पांच दिन बाद रांची के कांके स्थित प्रेम नगर में संजय करमाली के आवास पर भी राहुल दुबे गैंग ने गोलीबारी की थी. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी.

SIT का गठन कर शुरू की थी छापेमारी

लगातार गोलीबारी और धमकी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग पुलिस ने एसआइटी का गठन कर छापेमारी शुरू की थी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दीपावली के दौरान उरीमारी क्षेत्र में भी वारदात को अंजाम देने की योजना बनायी गयी थी. पुलिस ने बताया कि अंशु दुबे की निशानदेही पर उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें: Ramgarh: अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से 50 वर्षीय मजदूर की गई जान, दो घायल

गार्ड पर गोली चलाने की बात स्वीकारने का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंशु दुबे ने 26 अक्तूबर को न्यू बिरसा परियोजना की सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंप में गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है. इस घटना में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ था. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अंशु ने अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है. जांच के दौरान यह बात भी सामने आयी है कि जेल से भी इस नेटवर्क का संचालन किया जा रहा है. इस कार्रवाई में उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, इंस्पेक्टर शाहिद सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: Ramgarh: आम्रपाली-चंद्रगुप्त ने 5-3 से मगध-संघमित्रा को हराकर जीता CCL फुटबॉल खिताब