समाचार · झारखंड
गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड में नया मोड़ : 3 पुलिसकर्मियों के बाद अब पति भी सलाखों के पीछे, लगे संगीन आरोप, जानें पूरा मामला

जमशेदपुर/गम्हरिया : गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. तीन पुलिसकर्मियों को जेल भेजे जाने के बाद अब इस पूरे प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है. मामले की जांच के दौरान पीड़िता के नाबालिग होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसके कथित पति को भी गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, वहीं पीड़िता को संरक्षण और पुनर्वास के लिए बाल संरक्षण आयोग की देखरेख में भेजा गया है.
दस्तावेजों में 15 साल की निकली पीड़िता
थाने में दर्ज दुष्कर्म मामले की तकनीकी और दस्तावेजी जांच के दौरान जब पीड़िता के उम्र से जुड़े कागजात खंगाले गए, तो उसके नाबालिग होने का सच सामने आया. पीड़िता की वास्तविक उम्र महज 15 वर्ष 2 माह पाई गई. इस बीच मीडिया में खबरें प्रसारित होने के बाद ओडिशा के बड़बिल से मानवाधिकार संगठन की टीम के साथ पीड़िता के परिजन बुधवार को गम्हरिया थाना पहुंचे. परिजनों ने दावा किया कि उनकी बेटी बीते छह माह से घर से गायब थी. खबर पढ़ने के बाद उन्हें सूचना मिली की अभी वह कहां है.
ये भी पढ़ें : ग म्हरिया थाना बना था अय्याथी का अड्डा : रात में शराब और शबाब का चलता था दौर, वायरलेंस ऑपरेटर के कमरे में क्या मिला ?
जबरन शादी, मारपीट और वेश्यावृत्ति के लिए धकेलने का आरोप
परिजनों ने गम्हरिया थाने में लिखित शिकायत देकर नाबालिग के कथित पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए. परिजनों का कहना है कि आरोपी ने उनकी 15 वर्षीय बेटी को जबरन बंधक बनाकर रखा. अवैध रूप से शादी कर ली. इसके बाद वह लगातार उसका यौन शोषण और मारपीट करता रहा. परिजनों ने यह भी संगीन आरोप लगाया कि आरोपी उनकी बच्ची को वेश्यावृत्ति के दलदल में धकेलने के लिए दबाव बना रहा था. परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी पति को दबोच लिया. गुरुवार को आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें : गम्हरिया थाना में महिला से दुष्कर्म का आरोप : दो दिन में 15 पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस पर क्या आरोप लगे
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में घरेलू विवाद में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ थाने के भीतर ही दुष्कर्म का आरोप है. आरोप है कि पीड़िता पारिवारिक कलह से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाने पहुंची थी. थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने मदद के बहाने मर्यादा तार-तार करते हुए थाने के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया.
ये भी पढ़ें : Video : उंगली कटने के बाद भी पुलिस कर्मियों के सामने ही वायरलेस ऑपरेटर ने लूटी आबरू, पढ़ें FIR में पीड़िता ने क्या बताया