समाचार · मध्य प्रदेश
बीना में पौने 4 इंच, राहतगढ़ में 3 इंच बारिश:सागर में अब तक 17.9 इंच औसत बारिश, सामान्य से 63 प्रतिशत कम पानी गिरा
सागर जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। रविवार को दिन भर चली बारिश के बाद रात में पानी रुका। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। लगातार हुई बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। इस समय सागर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में जिले के बीना में पौने 4 इंच पानी गिरा। राहतगढ़ में 3 इंच, जैसीनगर, देवरी में 2 इंच, सागर, खुरई में 1 इंच से अधिक बारिश हुई। इसके साथ ही बंडा, शाहगढ़, रहली, केसली, गढ़ाकोटा में भी पानी गिरा है। इस दौरान कुल 39.4 मिमी यानी 1.5 इंच औसत बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से लो प्रेशर एरिया बन गया है जो आने वाले दिनों में और मजबूत होगा। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों में तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। जिले में आगामी 24 घंटे बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। जिले में अब तक 455 मिमी बारिश हुई
बारिश के सीजन के 71 दिन बीत चुके हैं। सागर जिले में इस सीजन में अब तक सामान्य बारिश की तुलना में महज 37 प्रतिशत बारिश हुई है। जबकि जिले की सामान्य बारिश 1230.5 मिमी यानी 48.4 इंच है। अब तक 455.4 मिमी यानी 17.9 इंच पानी गिरा है। जबकि पिछले साल 10 अगस्त तक 32.3 इंच बारिश हो चुकी थी। इस प्रकार पिछले साल की तुलना में इस वर्ष 44 प्रतिशत पानी कम गिरा है।