समाचार · हरियाणा
जुलाना में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन:सब हेल्थ सेंटर स्थानांतरित किए जाने का विरोध, दोबारा शुरू कराए जाने की मांग
जींद जिले में जुलाना की लाइनपार कॉलोनी में करीब दस वर्षों से चल रहे उप स्वास्थ्य केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। इस फैसले से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। मंगलवार को लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र को दोबारा लाइनपार कॉलोनी में शुरू करने की मांग की है। वार्ड निवासियों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने बिना पर्याप्त जानकारी और लोगों की सहमति के यह स्थानांतरण किया है। इससे लाइनपार कॉलोनी के तीन वार्डों में रहने वाले करीब छह हजार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अब दूर जाना पड़ रहा है। दस साल पहले शुरू हुआ था उप स्वास्थ्य केंद्र वार्ड निवासी हरिओम, राजेंद्र, प्रकाश, लक्ष्मणदास और शेर सिंह ने बताया कि लोगों की सुविधा को देखते हुए लगभग दस साल पहले यहां उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू किया गया था। इसके लिए वार्ड के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को निःशुल्क जगह उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली और पानी की सुविधा भी दी थी। उप स्वास्थ्य केंद्र के शिफ्ट होने के बाद बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों को सामान्य जांच, दवाइयों और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अब लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। वार्ड में ही की जाएगी व्यवस्था : डॉ. संजीव जुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. संजीव कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र एक चौपाल में संचालित किया जा रहा था, जहां सामूहिक कार्यक्रम होने के कारण कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। डॉ. संजीव कुमार ने आश्वासन दिया कि यदि उप स्वास्थ्य केंद्र के दूसरी जगह शिफ्ट होने से वार्ड के लोगों को असुविधा हो रही है, तो वार्ड में ही उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की व्यवस्था की जाएगी।